'मैं बेस्ट उदाहरण हूं...', राजस्थान, MP,छत्तीसगढ़ में नए चेहरे ही क्यों बने CM? पीएम मोदी ने दिया अब जवाब
PM Narendra Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, 'मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के लिए में नए चेहरों को चुनना भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पसंद कोई नई आदत नहीं है। क्यों भाजपा की इस प्रथा का सबसे अच्छा उदाहरण मैं ही हूं।'
मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ तीन राज्यों में भाजपा ने नए चेहरों पर दांव खेला है, जो कई राजनीतिक पर्यवेक्षकों के लिए एक झटका की तरह है। भाजपा ने राजस्थान में भजनलाल शर्मा, मध्यप्रदेश में मोहन यादव और छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री बनाया है।

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''मैं भाजपा के भीतर इस प्रथा का सबसे अच्छा उदाहरण हूं। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री बना, तो मेरे पास कोई पूर्व प्रशासनिक अनुभव नहीं था और मैं विधानसभा के लिए भी नहीं चुना गया था। बीजेपी नए चेहरों को मुख्यमंत्री के रूप में चुन रही है, यह नया चलन नहीं है।''
बता दें कि पीएम मोदी 2001 में केशुभाई पटेल के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री बने और चार महीने बाद वह राज्य विधानमंडल के लिए चुने गए थे।
PM मोदी बोले- BJP अलग-अलग प्रयोग करते रहती है
पीएम मोदी ने कहा, ''भाजपा अलग-अलग प्रयोग करने की आदी है और यह एक 'कैडर-आधारित पार्टी' है।'' पीएम मोदी ने कहा, "बीजेपी में एक ही समय में नेतृत्व की कई पीढ़ियों को पोषित करने की क्षमता है। बीजेपी के अध्यक्षों को देखें और आपको हर कुछ सालों में नए चेहरे दिखाई देंगे।"
उन्होंने बताया कि पार्टी ने गुजरात कैबिनेट और दिल्ली नगर निगम में नए चेहरों को चुना है। पीएम मोदी ने कहा, "लोकतंत्र में नई पीढ़ी और नए खून को अवसर देना जरूरी है। ये लोकतांत्रिक मंथन ही लोकतंत्र को जीवंत बनाता है।"
PM मोदी बोले- परिवारवादी पार्टियों को ये अजीब लगता होगा
पीएम मोदी ने ने विपक्षी दलों पर भी कटाक्ष किया और कहा, "परिवारवादी (वंशवाद-आधारित) पार्टियों को यह लोकतांत्रिक मंथन मुश्किल लगता है।"
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि तीन प्रमुख राज्यों के लिए नए चेहरों की भाजपा की पसंद एक "ताजा चलन" के रूप में दिखाई दे सकती है क्योंकि "आज की अधिकांश अन्य पार्टियां परिवारवादी पार्टियां हैं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''लोकतांत्रिक मंथन ही भाजपा को जीवंत बनाता है और हमारे कार्यकर्ताओं के भीतर आकांक्षाओं और आशाओं को प्रज्वलित रखता है। उन्हें लगता है कि वे भी अपनी कड़ी मेहनत से पार्टी में आगे बढ़ सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications