'फिर हमला हुआ तो देंगे मुंहतोड़ जवाब', ऑपरेशन सिंदूर पर PM मोदी ने क्या-क्या कहा? PAK को दी खुली चेतावनी
79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के वीर जवानों को सलाम किया। 15 अगस्त का दिन इसलिए भी और ज्यादा खास हो जाता है क्योंकि आज ही ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन भी पूरे हुए हैं।
इस खास मौके पर पीएम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवादियों को करारा जवाब दिया और देश का मान बढ़ाया। उन्होंने बताया कि कैसे पहलगाम में हुए नरसंहार के बाद पूरे देश में आक्रोश था और सेना को पूरी छूट देकर दुश्मनों को उनके अंजाम तक पहुंचाया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है। 22 अप्रैल को पहलगाम में सीमा पार से आतंकियों ने जिस प्रकार का कत्ले आम किया। धर्म पूछकर लोगों को मारा। पूरा हिंदुस्तान गुस्से से भरा हुआ था। पूरा विश्व इस संहार से चौंक गया था। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है।'
ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद पर पीएम मोदी के भाषण की मुख्य बातें
सिंधु जल समझौते पर कड़ा रुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से ऐलान किया कि भारत अब सिंधु जल समझौते के मौजूदा स्वरूप को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भारत से निकलने वाली नदियों का पानी अब दुश्मन देश के खेतों को नहीं, बल्कि भारत के किसानों को ही सींचेगा। यह समझौता पिछले सात दशकों से भारतीय किसानों के साथ अन्याय कर रहा था और अब यह जारी नहीं रहेगा।
'खून और पानी' अब साथ नहीं बहेंगे'
पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया- 'भारत ने तय कर लिया है कि खून और पानी अब एक साथ नहीं बहेंगे।' उन्होंने कहा कि भारत पर आतंकवाद का दर्द दशकों से है, लेकिन अब नया नियम (New Normal) तय हो चुका है - आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा, दोनों मानवता के लिए समान खतरा हैं।'
आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब
प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन ने दोबारा कोई दुस्साहस किया, तो जवाब भारत की सेना अपने तरीके से देगी - अपने चुने हुए समय, स्थान और लक्ष्य के मुताबिक। उन्होंने कहा कि अब भारत किसी भी तरह के परमाणु ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं करेगा और हर कीमत पर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
दुश्मन की नींद उड़ाने वाली कार्रवाई
पीएम ने कहा कि हमारी सेना ने सैकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर दुश्मन के ठिकानों को ध्वस्त किया और कई दशकों में न देखी गई मिसाल पेश की। पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी थी कि आज भी वहां नए-नए खुलासे हो रहे हैं और उनकी नींद उड़ी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications