ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी सख्त: बोले-'PoK व आतंक पर ही होगी बात, न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा भारत'
PM Modi Operation Sindoor: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात 8 बजे एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता की जानकारी दी और साफ शब्दों में कहा कि भारत अब आतंक के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति पर पूरी ताकत से आगे बढ़ेगा। उन्होंने इस सैन्य कार्रवाई को देश की हर बेटी को समर्पित किया और इसे न्याय की अखंड प्रतिज्ञा बताया। उन्होंने कहा, "टेरर, टॉक और ट्रेड एक साथ नहीं हो सकते। पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई उनके लिए व्यक्तिगत पीड़ा का विषय थी, क्योंकि आतंकियों ने परिवारों के सामने महिलाओं और बच्चों की बेरहमी से हत्या की थी। उन्होंने कहा, "आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, इसलिए भारत ने आतंक के हेडक्वार्टर्स उजाड़ दिए।"

ऑपरेशन सिंदूर: सटीक कार्रवाई, कड़ा संदेश
पीएम मोदी ने बताया कि भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों और ट्रेनिंग सेंटर्स पर सर्जिकल स्ट्राइक्स और एयरस्ट्राइक्स की एक सटीक श्रृंखला चलाई। उन्होंने कहा, "भारत ने 100 से ज्यादा आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है।" इनमें वो आतंकी भी शामिल थे जो पिछले ढाई दशकों से भारत के खिलाफ साजिश रच रहे थे। उन्होंने कहा, "ग्लोबल टेररिज्म की यूनिवर्सिटी पर हमने हमला किया है।"
पाकिस्तान की बौखलाहट और भारत की ठोस रणनीति
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की कार्रवाई के बाद बौखलाहट में पाकिस्तान ने नागरिक ठिकानों जैसे स्कूल, अस्पताल और घरों को निशाना बनाया, लेकिन भारत ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सैन्य एयरबेस को नुकसान पहुंचाया जिन पर उन्हें बहुत गर्व था। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान दुनियाभर में तनाव की गुहार लगाता रहा, लेकिन तब तक हमने उनके आतंकियों को खंडहर बना दिया था।"
परमाणु ब्लैकमेल नहीं चलेगा
प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत अब किसी भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा, "अगर कोई न्यूक्लियर ब्लैकमेल की आड़ में आतंकियों को पालता है, तो भारत वहां भी सटीक हमला करेगा। हम आतंक और उन्हें पालने वालों को अलग-अलग नहीं देखेंगे।"
भारत की नई सैन्य नीति: आतंक के खिलाफ नया न्यू नॉर्मल
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि एक रणनीतिक बदलाव है। अब भारत आतंकियों को जवाब देने के लिए न सिर्फ अपने समय और तरीके से कार्रवाई करेगा, बल्कि जहां से आतंक की जड़ें निकलती हैं, वहीं जाकर हमला करेगा।
भारत की एकता और ताकत ही सबसे बड़ा हथियार
प्रधानमंत्री ने भारत की सेनाओं की सराहना करते हुए कहा कि "हमारी तीनों सेनाएं सीमा पर सतर्क हैं। ऑपरेशन सिंदूर के साथ भारत ने यह साबित किया है कि जब राष्ट्र सर्वोपरि होता है तो फैसले फौलादी लिए जाते हैं।" उन्होंने 'मेक इन इंडिया' डिफेंस इक्विपमेंट्स की भी तारीफ की और कहा कि भारत की सैन्य आत्मनिर्भरता अब पूरी दुनिया देख रही है।
वैश्विक समुदाय को स्पष्ट संदेश
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने विश्व समुदाय को चेताया कि अगर पाकिस्तान PoK और आतंकवाद पर अपनी नीति नहीं बदलेगा, तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा, "शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर गुजरता है। भारत का शक्तिशाली होना मानवता, शांति और समृद्धि के लिए जरूरी है।"












Click it and Unblock the Notifications