संसद में खास जैकेट पहनकर पहुंचे पीएम मोदी, प्लास्टिक की बोतल को रिसाइकल करके हुई है तैयार
पीएम मोदी खास जैकेट पहनकर बुधवार को संसद पहुंचे। ये जैकेट प्लास्टिक की बोतल को रिसाइकल करके तैयार की गई है।

संसद का बजट सत्र जारी है, जहां बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। इस दौरान वो हल्के नीले रंग की खास सदरी में नजर आए। वैसे तो पीएम मोदी ज्यादातर कुर्ते-पैजामे के साथ सदरी पहनते हैं, लेकिन बुधवार को उन्होंने जो सदरी पहनी वो काफी खास है। हाल ही में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने उनको एक कार्यक्रम के दौरान इसे गिफ्ट किया था।
दरअसल 6 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के दौरे पर गए थे। वहां पर वो इंडिया एनर्जी वीक कार्यक्रम में शामिल हुए। उसी दौरान इंडियन ऑयल की ओर से पीएम मोदी को ये खास जैकेट (सदरी) गिफ्ट की गई। वैसे तो जैकेट बनाने में सामान्य कपड़ों का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इस जैकेट में प्लास्टिक का इस्तेमाल हुआ। ये खास प्लास्टिक बोतलों को रिसाइकल करके बनाई गई है।
इंडियन ऑयल के मुताबिक पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने ये कदम उठाया है। इसके तहत प्लास्टिक की बोलतों को रिसाइकल करके जैकेट बनाई जा रही। ये जैकेट पेट्रोल पंप के असिस्टेंट को दी जाएगी। उनकी ओर से करीब 10 करोड़ बोतलों को रिसाइकिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
पीएम ने कही थी ये बात
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ग्रीन ग्रोथ और एनर्जी ट्रांजिशन की दिशा में भारत के ये बड़े प्रयास हमारे मूल्यों को भी दर्शाते हैं। सर्कुलर इकोनॉमी एक तरह से हर भारतीय की जीवनशैली का हिस्सा है। रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल का मंत्र हमारे मूल्यों में रचा-बसा है। आज इसका एक उदाहरण हमें यहां देखने को मिला। आपने प्लास्टिक की बेकार बोतलों को रिसाइकल करके बनाई गई यूनिफॉर्म देखी। जहां तक फैशन और ब्यूटी की दुनिया की बात है तो इसमें कहीं भी कमी नहीं है। हर साल ऐसी 100 मिलियन बोतलों को रिसाइकल करने का लक्ष्य है। इससे पर्यावरण की रक्षा में मदद मिलेगी। उन्होंने इंडियन ऑयल के उस पहल की भी सराहना की, जिसके तहत कर्मचारियों को ये जैकेट प्रदान की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications