सर्वदलीय बैठक में बोले पीएम मोदी- कोरोना चिंता का विषय, इस पर नहीं होनी चाहिए राजनीति
नई दिल्ली, 20 जुलाई: संसद का मानसून सत्र शुरू होने के एक दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई। जिसका कांग्रेस और अकाली दल ने बॉयकॉट किया। इस बैठक में पीएम मोदी ने सभी नेताओं के साथ कोरोना महामारी की स्थिति पर चर्चा की। साथ ही कहा कि कोरोना को राजनीतिक मामला नहीं बनाना चाहिए। ये पूरी मानवता के लिए चिंता का विषय है, जिसके खिलाफ सभी को मिलकर लड़ाई लड़नी है।

संसदीय मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए बताया कि पीएम ने नेताओं को भारत के टीकाकरण कार्यक्रम की बढ़ती गति के बारे में बताया। साथ ही इस बात से भी अवगत करवाया कि कैसे पहली 10 करोड़ खुराक में 85 दिन का वक्त लगा, जबकि बाद में 10 करोड़ खुराक देने में 24 दिन ही लगे। इसके अलावा रोजाना दिन खत्म होने के बाद स्टॉक में 1.5 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन रहती है। पीएम ने ये भी कहा कि लोगों को कोई असुविधा ना हो, इसलिए जिलास्तर पर टीकाकरण अभियान की उचित योजना बनाई जानी चाहिए।
वहीं टीकाकरण अभियान शुरू होने के इतने महीने बाद भी बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन की दोनों खुराक नहीं लगी है। इस पर भी पीएम मोदी ने चिंता व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने प्रत्येक जिले में एक ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बात की। पीएम मोदी के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों कई अन्य कंपनियों की वैक्सीन भी भारत में आ जाएगी। इस बारे में सरकार तेजी से काम कर रही है। वहीं बैठक में शिवसेना और टीएमसी ने महाराष्ट्र और बंगाल के लिए ज्यादा खुराकों की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications