असम दौरे पर PM Modi का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- “घुसपैठियों को बचा रही है कांग्रेस, BJP सख्त कदम उठाएगी”
PM Modi Assam rally Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरांग जिले के मंगालदोई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ अपने वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रविरोधी ताकतों और घुसपैठियों के साथ खड़ी रहती है, जबकि भाजपा और उसके सहयोगी दल देश की सुरक्षा और असम की अस्मिता के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।
पीएम मोदी ने इस दौरान लगभग 6,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें गुवाहाटी रिंग रोड, ब्रह्मपुत्र नदी पर एक नया पुल और दरांग में एक मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।

इसके अलावा गोलाघाट जिले में उन्होंने 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, जिनमें असम बायो-एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड (नूमालीगढ़ रिफाइनरी संयंत्र में) और पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट शामिल हैं।
कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने असम आंदोलन (1979-85) के दौरान घुसपैठ के खिलाफ आवाज उठाने वाले असम के युवाओं और किसानों को दंडित किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने घुसपैठियों को किसानों और जनजातीय भाइयों की जमीन पर कब्जा करने दिया। लेकिन भाजपा सरकार में ऐसा कभी नहीं होगा। घुसपैठियों को असम की धरती पर रहने नहीं दिया जाएगा।"
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान (Eviction Drive) का समर्थन करते हुए कहा कि लाखों बीघा जमीन को घुसपैठियों से मुक्त कराया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि घुसपैठ से सीमावर्ती जिलों की जनसांख्यिकी (demography) बदल रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। इसी कारण केंद्र ने जनसांख्यिकी आयोग (Demography Commission) का गठन किया है।
"ऑपरेशन सिंदूर" का जिक्र
मोदी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के समय कांग्रेस ने सेना का साथ देने के बजाय पाकिस्तान और आतंकियों का समर्थन किया। उन्होंने जनता से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस देश की सुरक्षा के साथ समझौता कर रही है।
असम चुनाव से पहले बीजेपी का एजेंडा
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, भाजपा असम विधानसभा चुनाव (जो अगले साल होने हैं) से पहले विदेशी घुसपैठियों के मुद्दे को फिर से प्रमुख एजेंडा बना रही है। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राज्य में घुसपैठियों को हटाने का आश्वासन दिया था और सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार के बेदखली अभियान की सराहना की थी। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) लागू कर असम के स्वदेशी लोगों की पहचान और अधिकारों को कमजोर कर रही है।
"घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को भुगतना होगा अंजाम"
अपने भाषण में पीएम मोदी ने सख्त लहजे में कहा, "जो लोग घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। भाजपा सरकार असम और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी।" इस तरह, पीएम मोदी के असम दौरे को न केवल विकास परियोजनाओं की सौगात के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह 2026 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राजनीतिक अभियान की शुरुआत भी मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications