Article 370 Verdict: अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खुश पीएम मोदी, जानिए किसने क्या कहा?
SC Verdict on Article 370: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने को संवैधानिक रूप से वैध करार दिया है। सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त करने को चुनौती देने वाली याचिक पर फैसला सुनाया।
अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अनुच्छेद 370 एक अस्थायी प्रावधान था। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू-कश्मीर में सितंबर 2024 तक विधानसभा चुनाव होने चाहिए। अब शीर्ष अदालत के इस फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित तमाम नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा- पीएम
पीएम मोदी ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, "यह जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है। न्यायालय ने अपने गहन ज्ञान से एकता के मूल सार को मजबूत किया है, जिसे हम भारतीय होने के नाते, बाकी सब से ऊपर प्रिय मानते हैं और संजोते हैं।"
फैसले का स्वागत करता हूं- शाह
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ''मैं धारा 370 को खत्म करने के फैसले को बरकरार रखने वाले भारत के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करता हूं। 5 अगस्त 2019 को पीएम नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को खत्म करने का दूरदर्शी फैसला लिया। तब से जम्मू-कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति लौट आई है।"
साथ ही भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का स्वागत करती है।''
ओवैसी और महबूबा मुफ्ती का बयान
इधर, शीर्ष अदालत के फैसले के बाद PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, "हिम्मत नहीं हारे, उम्मीद ना छोड़े, जम्मू-कश्मीर ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। सुप्रीम कोर्ट का आज का फैसला यह एक मुश्किल पड़ाव है, यह मंजिल नहीं है। हमारे विरोधी चाहते हैं कि हम उम्मीद छोड़कर इस शिकस्त को स्वीकार करें। यह हमारी हार नहीं यह देश के धैर्य की हार है।" वहीं AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "हम इस फैसले से संतुष्ट नहीं है... कश्मीर हमेशा से भारत का एक अटूट हिस्सा रहा है... अब आने वाले दिनों में भाजपा को कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद और मुंबई के केंद्र शाषित प्रदेश बनाने से कोई नहीं रोक सकेगा। इसका नुकसान सबसे ज़्यादा डोगरा और लद्दाख के बुद्धिस्ट को होगा।"
फिर से अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे-उमर अब्दुल्ला
अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, ''हमने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था क्योंकि हमें न्याय की उम्मीद थी...हम सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं...हमारी कोशिशें यहीं ख़त्म नहीं होंगी। हम फिर से अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे? हम कानूनी परामर्श के बाद इस पर फैसला करेंगे।
जम्मू-कश्मीर के लोगों को अफसोस है- आजाद
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने को संवैधानिक रूप से वैध ठहराए जाने पर डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी(DPAP) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा, "एक उम्मीद थी क्योंकि कई चीजों में हमने कहा था कि जो कोर्ट कहेगा वह आखिरी फैसला होगा। मैं बुनियादी तौर पर कहता हूं कि इसे खत्म करना गलत था। इसे करते वक्त जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक पार्टियों से पूछा नहीं गया। हम अदालत के खिलाफ नहीं जा सकते, लेकिन इस फैसले से हम, जम्मू-कश्मीर के लोगों को अफसोस है।"












Click it and Unblock the Notifications