Modi Ajmer Visit: 'MMC यानि मुस्लिमलीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है', पीएम मोदी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
PM Narendra Modi Ajmer Visit: अजमेर की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के युवाओं और महिलाओं के लिए सौगातों की झड़ी लगा दी है। पीएम ने पिछली सरकारों के दौरान हुए पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अब राजस्थान में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो चुका है।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपना रही, जिसे पीएम ने राज्य के विकास में एक 'बड़ा बदलाव' बताया। साथ ही, अजमेर से देशभर की बेटियों के लिए HPV वैक्सीनेशन अभियान का आगाज कर उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया अध्याय शुरू किया है।

पेपर लीक पर लगाम और युवाओं का नया सवेरा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राजस्थान के युवाओं के दर्द को साझा करते हुए कहा कि दो साल पहले तक राज्य में भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की खबरें आम थीं। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि किसी भी होनहार युवा का हक न मारा जाए। युवाओं को अब अपनी मेहनत पर भरोसा है और राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया एक नई मिसाल पेश कर रही है।
21 हजार नियुक्ति पत्र: रोजगार की बड़ी छलांग
अजमेर के इस मंच से पीएम मोदी ने 21,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने इसे राजस्थान के विकास की गति का प्रमाण बताया। पीएम ने कहा कि यह केवल एक कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के सपनों की उड़ान है। उन्होंने सभी नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और ईमानदारी से विकसित राजस्थान के निर्माण में अपना योगदान दें और सरकारी सेवाओं को नई ऊंचाई पर ले जाएं।
'MMC यानि मुस्लिमलीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कभी कांग्रेस, INC इंडियन नेशनल कांग्रेस थी लेकिन अब INC नहीं बची है इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बची है। आज वो INC के बजाय MMC बन गई है। MMC यानि मुस्लिमलीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।"
अजमेर से 'HPV वैक्सीनेशन' की ऐतिहासिक शुरुआत
महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए पीएम मोदी ने अजमेर से ही देशव्यापी HPV वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शुरू किया गया यह टीका अभियान देश की करोड़ों बेटियों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी बनेगा। पीएम ने कहा कि वीरांगनाओं की इस धरती से शुरू हुआ यह अभियान देश की नारी शक्ति को बीमारियों से बचाने और उन्हें शारीरिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होने वाला है।
विकसित राजस्थान और आधुनिक बुनियादी ढांचा
प्रधानमंत्री ने अजमेर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान अब आधुनिक बुनियादी ढांचे और बेहतर कनेक्टिविटी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र के बीच 'डबल इंजन' तालमेल की सराहना की, जिसकी वजह से विकास योजनाएं जमीन पर उतर रही हैं। पर्यटन से लेकर शिक्षा तक, हर क्षेत्र में राजस्थान को नंबर वन बनाने का संकल्प दोहराते हुए पीएम ने जनता को इन सभी बदलावों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।












Click it and Unblock the Notifications