इंतजार खत्म! खाते में आ गया पीएम किसान योजना का पैसा, जानें कौन हैं पात्र और कैसे उठाएं इसका फायदा?
PM Kisan 17th Installment Date 2024: किसान भाईयों का इंतजार अब खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 जून को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 17वीं किस्त जारी कर दी है। इससे पहले तीसरी बार पीएम की कुर्सी संभालते हुए नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले किसानों से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर किए थे।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 17वीं किस्त जारी हो चुकी है, इससे करीब 9.26 करोड़ से अधिक किसानों को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिलेगा। जिसके तहत किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए 2000 रुपए ट्रांसफर किए गए।

ऐसे में जानिए आखिर क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना? और अगर आप भी इस योजना से नहीं जुड़े हुए तो इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं। इस योजना के लिए कौन पात्र हैं और इसके आवेदन के लिए क्या करना होगा? सभी सवालों के जवाब आपको यहां मिलेंगे।
क्या है पीएम किसान योजना?
दरअसल, 1 दिसंबर 2018 को केंद्र सरकार की ओर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई थी। इस योजना के तहत मोदी सरकार का फोकस खासतौर पर गरीब किसानों पर हैं, जिसके तहत किसानों को हर चार महीने में 2000 रुपए की तीन किस्तों में सालाना 6000 रुपए मिलते हैं। बता दें कि मोदी सरकार ने अब तक 16 किस्तें जारी की हैं।
कौन हैं पात्र और कैसे करें आवेदन?
जिनके पास अधिकतम 2 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि हो और जो पहले से पीएम-किसान योजना के तहत पंजीकृत नहीं हैं। वो सभी इस योजना के लिए पात्र हैं। किसानों को इस योजना के लिए आर्थिक मदद दी जाती है।
इस योजना से जुड़ने के लिए पीएम-किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके लावा संबंधित राज्य कृषि विभाग के दफ्तर में जाकर भी पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। आवेदन करने के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण और भूमि रिकॉर्ड जैसे तीन दस्तावेज होना जरूरी है।
इस बार इनको नहीं मिलेगा पैसा?
हालांकि वे किसान जिन्होंने अब तक पीएम किसान सम्मान निधि योजना में अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई है उनको 17वीं किस्त नहीं मिलेगी। वहीं जिन किसानों ने योजना में अभी तक भूलेखों का सत्यापन नहीं कराया है, वो भी इस योजना का लाभ नहीं उठा पाएंगे।
किसी समस्या पर यहां करें संपर्क?
बता दें कि अगर कोई भी इस योजना से जुड़ी परेशानी का सामना कर रहा है तो वो ईमेल आईडी [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं। या फिर पीएम किसान योजना के हेल्पलाइन नंबर- 155261 या 1800115526 (Toll Free) और 011-23381092 पर संपर्क कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications