30 अक्टूबर को आएगी PM Kisan की 24वीं किस्त? किन किसानों के अटक सकते हैं पैसे?
PM Kisan Update: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दिवाली के बाद अब लाखों किसानों की नजरें अपने बैंक खातों पर टिकी हैं। सरकार की ओर से अगली किस्त जारी करने की तारीख को लेकर जानकारी दी गई है। हालांकि, इस बार भी कुछ किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, योजना में रजिस्ट्रेशन होने के बावजूद जरूरी जानकारी अधूरी रहने पर खाते में पैसा नहीं पहुंचता है। खासकर जिन किसानों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उन्हें सावधान रहने की जरूरत है। ऐसे में किस्त आने से पहले यह जानना जरूरी है कि किन वजहों से पैसा रुक सकता है और घर बैठे अपनी जानकारी कैसे जांच सकते हैं।

30 अक्टूबर को आएगी 24वीं किस्त
कृषि मंत्रालय की 23 अक्टूबर की घोषणा के अनुसार, पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। इस दिन पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये भेजे जाएंगे। योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है।
ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले मिलेगी PM Kisan की 24वीं किस्त? जानें e-KYC की प्रक्रिया और स्टेटस चेक करने का तरीका
हालांकि, किस्त जारी होने के बाद भी सभी किसानों के खातों में पैसा पहुंचना जरूरी नहीं है। जिनके रिकॉर्ड में गड़बड़ी है, उनका भुगतान रुक सकता है।
किन किसानों के अटक सकते हैं 2,000 रुपये?
पीएम किसान योजना का लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी पूरी होना जरूरी है। जिन किसानों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी किस्त अटक सकती है। इसके अलावा आधार, बैंक खाते या योजना में दर्ज जानकारी में गलती होने पर भी भुगतान प्रभावित हो सकता है। इसलिए किसानों को अपनी लाभार्थी स्थिति और ई-केवाईसी का रिकॉर्ड समय रहते जांच लेना चाहिए।
घर बैठे ऐसे चेक करें स्टेटस
किसान अपने मोबाइल या कंप्यूटर से आसानी से पीएम किसान योजना का स्टेटस देख सकते हैं।
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर Know Your Status विकल्प चुनें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें।
- इसके बाद Get OTP पर क्लिक करें।
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आया ओटीपी भरें।
- अब स्क्रीन पर आपकी लाभार्थी स्थिति और ई-केवाईसी से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी।
- अगर ई-केवाईसी अधूरी दिखाई देती है, तो उसे पूरा करने की प्रक्रिया शुरू करें।
ई-केवाईसी करने के तीन तरीके
पीएम किसान योजना में किसानों को ई-केवाईसी पूरी करने के लिए तीन विकल्प दिए गए हैं।
- ओटीपी के जरिए: आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त करके वेबसाइट या ऐप से ई-केवाईसी कर सकते हैं।
- बायोमेट्रिक के जरिए: नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या राज्य सेवा केंद्र (SSK) जाकर अंगुलियों के निशान से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- चेहरा स्कैन करके: पीएम किसान मोबाइल ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा से भी ई-केवाईसी की जा सकती है।
मोबाइल से ऐसे करें OTP e-KYC
अगर आपके आधार से मोबाइल नंबर जुड़ा है, तो आप घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं। सबसे पहले pmkisan.gov.in खोलें और e-KYC विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना आधार नंबर दर्ज करें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को भरें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करें। ध्यान रखें कि इस तरीके के लिए आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर चालू होना जरूरी है।
चेहरे से कैसे होगी ई-केवाईसी?
जिन किसानों को ओटीपी से ई-केवाईसी करने में परेशानी हो रही है, वे चेहरे की पहचान वाला विकल्प अपना सकते हैं।
- इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से PM-KISAN और Aadhaar Face RD ऐप डाउनलोड करें।
- इसके बाद पीएम किसान ऐप में योजना से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉग-इन करें।
- अब Beneficiary Status में जाकर ई-केवाईसी की स्थिति देखें। अगर वहां 'No' लिखा है, तो ई-केवाईसी का विकल्प चुनें।
- आधार नंबर दर्ज करने के बाद चेहरे को स्कैन करने की अनुमति दें। पहचान सफल होने पर ई-केवाईसी पूरी हो जाएगी।
रिकॉर्ड में गलती हो तो क्या करें?
अगर आपकी ई-केवाईसी पूरी है, लेकिन बैंक खाते या आधार से जुड़ी जानकारी में गलती है, तो उसे ठीक कराना जरूरी है। इसके लिए नजदीकी सेवा केंद्र या संबंधित अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे 30 अक्टूबर से पहले अपनी लाभार्थी स्थिति जांच लें, ताकि जरूरी सुधार समय पर कराए जा सकें।
ये भी पढ़ें: बिहार में किसानों की बल्ले-बल्ले! 60 के बाद हर महीने खाते में आएंगे 3000 रुपये, क्या हैं जरूरी शर्तें?


Click it and Unblock the Notifications
