Ram Mandir: रामलला के दर्शन के लिए कैसे करें ऑनलाइन बुकिंग, क्या है दर्शन और आरती का समय? जानिए
Ayodhya Ram Mandir online: सैकड़ों वर्षों का इंतजार आखिर खत्म हुआ और अयोध्या में बने भव्य 'श्री राम जन्मभूमि मंदिर' में विधि-विधान के साथ 'प्राण प्रतिष्ठा' संपन्न हो गई।
अब 23 जनवरी से आम लोगों के लिए मंदिर खुल जाएगा। ऐसे में भगवान राम के भक्त ये जरूर जानना चाहेंगे कि अगर वो अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना चाहें तो इसकी क्या प्रक्रिया है।

आइए उन सभी सवालों के जवाब जानते हैं, जो रामलला के दर्शन को लेकर आपके भी मन में उठ रहे होंगे:-
- श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला के दर्शन का समय क्या है?
- भगवान राम के भक्त सुबह 7 बजे से लेकर 11:30 बजे तक और दोपहर को 2 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक मंदिर में रामलला के दर्शन कर सकते हैं।
- मंदिर में भगवान राम की आरती का समय क्या है?
- भगवान राम की आरती दिन में तीन बार की जाएगी। इनमें श्रृंगार आरती सुबह 6:30 बजे, भोग आरती दोपहर 12 बजे और संध्या आरती शाम 7:30 बजे होगी।
- मंदिर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन एंट्री पास कैसे मिलेगा?
- मंदिर में रामलला की आरती या दर्शन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से 'एंट्री पास' हासिल करने की व्यवस्था है। सबसे पहले हम आपको 'ऑनलाइन एंट्री पास' पाने का सिस्टम समझाते हैं। इसके लिए आपको श्री राम जन्मभूमि मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट https://online.srjbtkshetra.org पर जाना होगा।
- मंदिर की वेबसाइट खोलने के बाद, यहां लॉगिन करने के लिए आपको अपना मोबाइल नंबर डालना होगा। इसके बाद आपके मोबाइल पर एक वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा। वेबसाइट पर ओटीपी डालने के बाद 'माई प्रोफाइल' पर क्लिक कीजिए और जिस समय आप भगवान राम के दर्शन करना चाहते हैं, वो स्लॉट आपको यहां मिल जाएगा।
- इसके बाद आपसे पहचान और दर्शन संबंधी कुछ और डिटेल मांगी जाएगी, जिसे वेबसाइट पर भरने के बाद आपके मोबाइल पर बुकिंग कन्फर्म होने का मैसेज आ जाएगा। मंदिर में प्रवेश से पहले आपको ये 'एंट्री पास' गेट पर बने काउंटर से अपना मोबाइल नंबर और पहचान संबंधी डॉक्यूमेंट दिखाकर मिल जाएगा।
- हालांकि आपको बता दें कि मंदिर में प्रवेश के लिए फिलहाल बुकिंग रुकी हुई है और बुकिंग खुलने की जानकारी आपको वेबसाइट से ही मिल जाएगी।
- मंदिर में प्रवेश के लिए ऑफलाइन एंट्री पास कैसे मिलेगा?
- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र वेबसाइट के मुताबिक, 'ऑफलाइन एंट्री पास' के लिए कैंप ऑफिस बनाए गए हैं, जहां आप सरकार द्वारा मान्य कोई भी आईडी प्रूफ दिखाकर मंदिर में प्रवेश के लिए पास हासिल कर सकते हैं। अगर आप अयोध्या आ रहे हैं और दर्शन वाले दिन ही एंट्री पास पाना चाहते हैं तो फिर प्रवेश के लिए स्लॉट 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर मिलेगा।
- आरती में शामिल होने के लिए कितने बजे मंदिर पहुंचे?
- भगवान राम की आरती में अगर आप शामिल होना चाहते हैं, तो आपको 30 मिनट पहले मंदिर के गेट पर पहुंचना होगा। आपके पास मौजूद एंट्री पास पर छपे क्यूआर कोड के जरिए आपको मंदिर में एंट्री मिलेगी।
- स्टेशन या एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मंदिर तक जाने के लिए परिवहन के क्या साधन हैं?
- अगर आप रामलला के दर्शनों के लिए अयोध्या आ रहे हैं तो मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको अपनी सुविधा के मुताबिक परिवहन का साधन आसानी से मिल जाएगा। ऑटो-रिक्शा, ई रिक्शा या साइकिल रिक्शा के जरिए आप श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंच सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications