'भारत के हितों की रक्षा सर्वोपरि, घरेलू उद्योगों की', ट्रंप के 25% टैरिफ पर पीयूष गोयल ने क्या किए वादे?
Piyush Goyal on Trump Tariffs in Rajya sabh: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा मे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय निर्यात पर लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी और घरेलू उद्योगों को सुरक्षित रखेगी।
पीयूष गोयल ने सदन ने बताया कि दो अप्रैल 2025 को अमेरिकी राष्ट्रपति ने रेसिप्रोकल टैरिफ पर एक कार्यकारी आदेश जारी किया था। इसके तुरंत बाद, 10 फीसदी का बेसलाइन टैरिफ लागू कर दिया गया, जिस पर भारत के लिए 26 फीसदी अतिरिक्त शुल्क का प्रावधान था। हालांकि, इस शुल्क को पहले 90 दिनों के लिए और फिर एक अगस्त तक के लिए निलंबित कर दिया गया था।

मंत्री पीयष गोयल ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच मार्च 2025 में एक ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए एक 'न्यायसंगत, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी' द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। इस समझौते का पहला चरण अक्टूबर-नवंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
"हम अपने घरेलू उद्योगों की सुरक्षा करेंगे"
पीयूष गोयल ने कहा, "हम अपने घरेलू उद्योगों की सुरक्षा करेंगे।"सरकार हालात पर बारीकी से नजर रख रही है। गोयल ने आश्वासन दिया कि सरकार निर्यातकों, उद्योगों और संबंधित पक्षों से लगातार बातचीत कर रही है ताकि उनके विचारों को समझा जा सके। उनका कहना है कि किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, MSMEs और निर्यातकों की भलाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
भारत दुनिया की शीर्ष 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है
उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि पिछले एक दशक में भारत ने 'Fragile Five' की सूची से बाहर निकलकर दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अपना स्थान बनाया है। गोयल ने बताया कि आर्थिक सुधारों और सभी वर्गों की मेहनत से भारत 11वें स्थान से तरक्की कर अब दुनिया की शीर्ष 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।
मंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक संस्थाएं और अर्थशास्त्री आज भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक 'ब्राइट स्पॉट' या आशा की किरण के रूप में देख रहे हैं।
आत्मनिर्भर भारत की सोच को ज़मीन पर उतारने का समय है
पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार को विश्वास है कि भारत समावेशी और सतत विकास की तेज़ रफ्तार यात्रा जारी रखेगा। 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की ओर देश मजबूती से बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की सोच को ज़मीन पर उतारने का समय है, और भारत इस दिशा में आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है।
ट्रंप का भारत पर टैरिफ बम
गौरतलब है कि ट्रंप ने एक अगस्त से भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, रूस से कच्चे तेल और सैन्य उपकरण खरीदने पर भी अमेरिका द्वारा भारत पर जुर्माना लगाने की घोषणा की गई है। इस कदम को भारत पर अपनी शर्तों को मनवाने के लिए दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर तब जब अमेरिका हाल ही में जापान, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ जैसे प्रमुख साझेदारों के साथ अपने अनुकूल ट्रेड डील कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications