दिल्ली में 12 साल के बच्चे से सामूहिक कुकर्म, स्वाति मालीवाल ने कहा- लड़के भी सुरक्षित नहीं
नई दिल्ली, 25 सितंबर: राजधानी में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक 12 साल के लड़के के साथ चार लोगों ने कुकर्म किया। फिर उन्होंने उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाल दी। घटना के बाद आरोपियों ने बच्चे को बुरी तरह पीटा, लेकिन वो जिंदा बच गया। पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक एक आरोपी की गिरफ्तारी इस केस में हुई है। वहीं दूसरी ओर दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने इस घटना को लेकर दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

जानकारी के मुताबिक ये घटना 18 सितंबर को दिल्ली के सेलमपुर इलाके में घटी थी। वहां पर चार लोगों ने एक बच्चे को पकड़ा और उसके साथ सामूहिक कुकर्म किया। इसके बाद उन्होंने बच्चे को बेरहमी से पीटा। आरोपियों को लगा कि बच्चा मर गया, इस वजह से उसे सड़क किनारे फेंककर चले गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाया। बच्चा बच तो गया, लेकिन अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना की जानकारी 22 सितंबर को बच्चे के माता-पिता को पता चली थी।
घटना का संज्ञान दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने भी लिया है। जिस वजह से उसकी अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि दिल्ली में लड़की तो क्या लड़के भी सुरक्षित नहीं हैं। एक 12 साल के लड़के के साथ 4 लोगों ने बुरी तरह से रेप किया और डंडों से पीटकर अधमरी हालत में छोड़कर चले गए। हमारी टीम ने मामले में FIR दर्ज करवाई। 1 आरोपी गिरफ्तार, जबकि 3 अभी फरार, दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं।
CCTV खंगाल रही पुलिस
मामले में दिल्ली पुलिस ने कहा कि उनके हाथ एक आरोपी लगा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटनास्थल के पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही कि आरोपी पीड़ित के जानने वाले थे या फिर वो कोई और थे।












Click it and Unblock the Notifications