16 जून को पेट्रोल पंप मालिक नहीं करेंगे हड़ताल, सरकार और ट्रेडर्स के बीच बन गई बात
पेट्रोलियम ट्रेडर्स ने पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द प्रधान से मुलाकात के बाद ये फैसला किया है।
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोजाना बदलाव के खिलाफ प्रस्तावित हड़ताल को पेट्रोल पंप मालिकों ने वापस ले लिया है। बुधवार को फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर्स 16 जून को प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का एलान किया। पेट्रोलियम ट्रेडर्स ने पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द प्रधान से मुलाकात के बाद ये फैसला किया है।

इससे पहले फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर्स ने इस फैसले को रिटेलर्स को खत्म करने वाला करार दिया है। पेट्रोलियम मंत्री को लिखे पत्र में फेडरेशन ने इस फैसले के विरोध में 16 जून को देश भर के पेट्रोल पंपों के हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी थी। पेट्रोल पंप मालिकों ने पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लिखा था कि 'इस तरह का पायलट प्रॉजेक्ट फिलहाल 5 शहरों में लागू हैं। वहां के डीलर्स ने अपने हाथ जला लिए हैं , वहां इन्वेंट्री लॉस हुआ है और पूरे देश में यह फैसला लागू होगा तो सभी की ऐसी स्थिति होगी।'
आपको बता दें कि भारत की सभी सरकारी तेल कंपनियां 16 जून से रोजाना पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा करेंगी यानी इनकी कीमतें रोजाना बदलती नजर आएंगी। इस संबंध में लोगों को पेट्रोल-डीजल का सही दाम पता चले इसके लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने खास तैयारी की है। कंपनी की ओर से कहा गया कि कीमतों में प्रतिदिन बदलाव की योजना में इस बात की कोशिश की जाएगी कि ग्राहकों को पेट्रोल और डीजल सही कीमत पर मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications