रामदास आठवले की रिपब्लिकन पार्टी में शामिल हुईं अभिनेत्री पायल घोष, महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बनीं
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री पायल घोष रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) में शामिल हो गई हैं। सोमवार को मुंबई में पार्टी मुखिया और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने खुद पायल घोष को आरपीआई की सदस्यता दिलाई। पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद ही रामदास आठवले ने पायल को आरपीआई की महिला मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बना दिया है। बता दें कि पायल घोष हाल ही में फिल्म निर्माता और निर्देशक अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप लगाने के बाद चर्चा में हैं।
Recommended Video
आठवले लगातार पायल का कर रहे समर्थन
पायल घोष की ओर से निर्देशक और अभिनेता अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाने के बाद केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री और आरपीआई अध्यक्ष रामदास आठवले ने पायल घोष का समर्थन किया था। उन्होंने पायल घोष के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की भी मांग की थी। जिसके बाद से लगातार ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि पायल राजनीति में आएंगी और आरपीआई ज्वाइन करेंगी। सोमवार को उन्होंने आठवले और पार्टी के दूसरे नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ले ली है।
पायल का आरोप पांच साल पहले अनुराग ने की थी जबरदस्ती
हाल के दिनों में पायल तब चर्चा में आईं जब उन्होंने अनुराग कश्यप पर अपने साथ जबरदस्ती करने का आरोप लगाया और मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पायल का कहना है कि पांच साल पहले, 2015 में अनुराग कश्यप ने उन्हें फिल्म में काम देने के बहाने बुलाकर उनसे छेड़खानी की थी और उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की थी। वहीं कश्यप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अनुराग कश्यप ने कहा है कि मैं इस तरह का व्यवहार ना तो कभी करता हूं, ना तो कभी किसी कीमत पर बर्दाश्त करता हूं। कश्यप ने इसे उनके सरकार के खिलाफ मुखर होने से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश कहा है।
फिल्मों और टीवी में कर चुकीं काम
30 साल की पायल घोष कुछ तेलुगु और हिन्दी फिल्मों में नजर आई हैं। पायल ने फिल्म 'पटेल पंजाबी शादी' से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। इसके अलावा पायल टीवी सीरियल 'साथ निभाना साथिया' में भी नजर आ चुकी है।