Bihar News: अरवल में पहली बार पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैम्प का आयोजन
पटना में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय 2 दिसंबर 2025 को अरवल में एक मोबाइल पासपोर्ट सेवा शिविर आयोजित करेगा। नए और फिर से जारी करने के आवेदन सीमित स्लॉट के साथ स्वीकार किए जाएंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा वर्ष 2024 में लगभग चार लाख पासपोर्ट आवेदनों का निपटारा किया गया। इसी क्रम में विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने 12 मई 2025 से पटना कार्यालय में चिपयुक्त पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में आवेदकों की बढ़ती संख्या और अरवल जिले में ऐसे किसी केंद्र की अनुपस्थिति को देखते हुए, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा पहली बार अरवल में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प इनडोर स्टेडियम, समाहरणालय परिसर, अरवल में 2 दिसम्बर 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे शुरू होगा। उद्घाटन क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्रीमती स्वधा रिजवी और अरवल की जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा द्वारा किया जाएगा।
अप्रैल 2024 के बाद से अब तक सिवान, गोपालगंज, पूर्णिया, पुलिस जिला बगहा, लखीसराय और शेखपुरा सहित कुल 11 कैम्प आयोजित किए जा चुके हैं। अरवल का यह कैम्प बारहवां होगा।
नए (Fresh) और पुनर्निर्गमन (Re-issue) पासपोर्ट आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। प्रतिदिन 55 अप्वाइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध होंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
कैसे करें आवेदन:
1. www.passportindia.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भरें। निर्धारित शुल्क का भुगतान करें और अप्वाइंटमेंट स्लॉट बुक करें। नियत दिन, समय और स्थान पर मूल दस्तावेजों और उनकी स्व-अभिप्रमाणित प्रतियों के साथ उपस्थित हों। मौके पर फोटो, उंगलियों के निशान और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
इन आवेदनों को नहीं मिलेगा प्रवेश:
पीसीसी (पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट) हेतु आवेदन, पूर्व में रोके गए आवेदन, बिना अप्वाइंटमेंट के आए आवेदक
सेवा का संकल्प
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना नागरिकों को सुलभ और सशक्त पासपोर्ट सेवा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के कैम्प आयोजित करता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications