Jet Airways: यात्री ने ही जहाज के शौचालय में रखा था धमकी भरा पत्र, पहले भी कर चुका ऐसी हरकत

नई दिल्ली। नागरिक विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू ने कहा है कि जेट एयरवेज मुंबई-दिल्ली की उड़ान में एक यात्री शौचालय में एक धमकी का नोट रखने के लिए कबूल कर चुका है। गुजरात पुलिस यात्री से पूछताछ कर रही है। गृह मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि आखिरी बार जब यात्री ने इसी विमान से यात्रा की थी तो वो कॉकरोच साथ लेकर आए और शिकायत की कि उन्होंने उसे अपने भोजन में पाया। यात्री सल्ला बिरजू ने स्वीकार किया है कि जेट एयरवेज के उड़ान आपरेशनों को अस्थिर करने के लिए उन्होंने धमकी भरा पत्र रखा था। राजू ने कहा कि जेट एयरवेज को सलाह दी गई है कि वो यात्री को फौजदारी कार्रवाई के अलावा तुरंत नो फ्लाइट की सूची में डाल दिया जाए। अगर एयरलाइन ऐसा करता है, तो यात्री तीन माह से दो साल तक की अवधि के लिए प्रतिबंधित हो सकता है।
गौरतलब है कि मुंबई से दिल्ली जा रही जेट एयरवेज की फ्लाइट को 'सुरक्षा कारणों' से अहमदाबाद डाईवर्ट कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार जेट एयरवेज की फ्लाइट संख्या 9W339 जिसने मुबंई से 2.55 बजे उड़ान भरी, वो 3.45 बजे अहमदाबाद में लैंड हुई। एक यात्री ने कहा कि सुरक्षा कारण बता कर फ्लाइट को अहमदाबाद डाईवर्ट किया गया। सभी यात्रियों को प्लेन से नीचे उतरने को कहा गया और फिर सभी की जांच हुई। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तैनात एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि फ्लाइट को धमकी भरे फोन की वजह से डाईवर्ट किया गया।
जानकारी दी गई कि फ्लाइट में एयरहॉस्टेस को जहाज के वॉशरूम में एक चिट्ठी मिली जिसमें दावा किया गया था कि जहाज के भीतर 'हाईजैकर्स और विस्फोटक' मौजूद हैं। समाचार एजेंसी ANI की ओर से जारी की गई चिट्ठी में लिखा है कि 'फ्लाइट NO 9W339 में हाईजैकर्स हैं और एयरक्राफ्ट लैंड नहीं होना चाहिए बल्कि सीधा POK जाए. 12 लोग ऑन बोर्ड हैं। अगर तुम लैंडिंग करोगे तो लोगों के मरने की आवाज सुनोगे। इसे मजाक मत समझना। विमान के कार्गो एरिया में विस्फोटक बम रखा हुआ है और दिल्ली में लैंड किए तो वो ब्लास्ट हो जाएगा,अल्लाह महान है।'













Click it and Unblock the Notifications