मिजोरम में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट का कहर, आइजोल समेत इन इलाकों में 4 सितंबर तक बढ़ा आंशिक लॉकडाउन
आइजोल, अगस्त 21। नॉर्थ ईस्ट राज्य मिजोरम में इन दिनों कोरोना के डेल्टा वेरिएंट का कहर देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार ने इसी वजह से राजधानी आइजोल समेत कई हिस्सों में आंशिक लॉकडाउन को 4 सितंबर तक बढ़ा दिया है। आइजोल नगर निगम क्षेत्र में प्रतिबंध कुछ कड़े हैं। आपको बता दें कि 15 अगस्त को लगाए गए प्रतिबंधों की समयसीमा शनिवार को खत्म हो रही थी, इसीलिए सरकार ने इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।

Recommended Video
कोविड प्रभावित इलाकों में पूजा स्थल रहेंगे बंद
सरकार के आदेश के बाद राजधानी आइजोल समेत कोविड प्रभावित इलाकों में पूजा स्थलों को बंद रखने की अनुमति दी गई है। आइजोल नगर निगम क्षेत्र के बाहर कोविड मुक्त इलाकों में पूजा स्थल को खोलने अनुमति है। हालांकि डिप्टी कमिश्नर और विलेज टास्क फोर्स के आदेश के अनुसार ही यहां काम करने के लिए कहा गया। आइजोल नगर निगम क्षेत्र में चर्च भी बंद रहेंगे।
सरकारी आदेश में क्या कहा गया
- सरकार ने अपने आदेश में कहा है कि राज्य के सभी हिस्सों में सर्किल या क्षेत्रवार धार्मिक सम्मेलनों या व्यावसायिक बैठकों की अनुमति दी जाएगी, जिसमें अधिकतम 200 प्रतिभागी ही हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा चर्च में बैठने की क्षमता सिर्फ 50 फीसदी ही रहेगी।
- बिजनेस मीटिंग केवल दिन में एक ही बार होंगी, जिसमें कोविड 19 के लक्षण वाले, डायबीटिज और कैंसर जैसी बीमारी से ग्रस्त लोगों को इन कार्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।
- सरकार के नए आदेश में स्पोर्ट्स एक्टिविटी को अनुमति दी गई है। 10 खिलाड़ियों की मौजूदगी के साथ इनडोर गेम और 25 लोगों की उपस्थिति के साथ आउटडोर गेम आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा जिम को सिर्फ 33 प्रतिशत की क्षमता के साथ खोला जाएगा।
मिजोरम में डेल्टा वेरिएंट के मिल रहे हैं मरीज
आपको बता दें कि मिजोरम में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के 115 नए मरीज मिले हैं। जुलाई में कोरोना संक्रमित मरीजों के 151 सैंपल पश्चिम बंगाल के कल्याणी में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल जीनोमिक्स को पूरे जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए थे। इन 151 सैंपल में 115 में डेल्टा वेरिएंट कंफर्म किया गया।












Click it and Unblock the Notifications