Parliament Security Breach: 'मर्यादा बनाए रखें...', पीएम मोदी ने अपने ही सांसदों को क्यों दी ये सलाह?
PM Modi at BJP meet: संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में मंगलवार सुबह बुलाई गई भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल की बैठक खत्म हो गई है और इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के सांसदों को एक विशेष सलाह दी है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने बैठक में पार्टी सांसदों को सलाह देते हुए कहा कि विपक्षी दलों के सांसद या नेता जब किसी मुद्दे पर सरकार की आलोचना करें तो जवाब देते समय आप लोग अपनी तरफ से मर्यादा बनाए रखें।

बैठक में पीएम मोदी बोले, 'वो लोग चाहते हैं और सोच रहे हैं कि किसी भी तरह से ये सरकार उखड़ जाए, और हम लोग देश को बनाने की सोच रहे हैं। लेकिन, आप लोग विपक्ष की किसी भी आलोचना का जवाब मर्यादा बनाए रखने वाली भाषा में ही दें। संसद की सुरक्षा में चूक हुई और जो लोग लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, उन्हें इस घटना की निंदा करनी चाहिए थी। लेकिन, जो पार्टियां हाल ही में विधानसभा चुनाव में हारी हैं, उनके नेता ऐसी भाषा बोल रहे हैं, जिससे लगता है कि वो इस घटना का समर्थन करते हैं। ऐसा करना तो उस घटना से भी ज्यादा खतरनाक है।'
संसद में हो चुका है 92 सांसदों का निलंबन
आपको बता दें कि 13 दिसंबर को लोकसभा में हुई सुरक्षा चूक का मामला संसद के दोनों सदनों में गहराया हुआ है। इस मुद्दे पर हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा से कुल 92 सांसदों का निलंबन हो चुका है। विपक्ष की मांग है कि इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में आकर जवाब दें। पीएम मोदी ने बैठक के दौरान कहा कि हाल ही में विधानसभा चुनावों में मिली हार से विपक्ष बौखलाया हुआ है और इसीलिए उनके नेता किसी ना किसी बहाने से संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं। उनका एक ही मकसद है कि किसी भी तरह से सरकार को उखाड़ा जाए, लेकिन हमारा मकसद राष्ट्र का निर्माण है।












Click it and Unblock the Notifications