Parliament Budget Session Day 11: लोकसभा में राहुल गांधी का भाषण, सरकार लाएगी विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव
Parliament Budget Session Day 11 Highlights: बजट सत्र अब तक काफी हंगामेदार रहा है। इसके 11वें दिन (बुधवार 11 फरवरी) भी दोनों सदनों में हंगामा और शोर-शराबा देखने को मिला। गतिरोध और हंगामे के बावजूद लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा में हिस्सा लिया। उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोला। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी लोकसभा में बजट पर जवाब दिया। बीजेपी भी राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को बजट बहस पर लोकसभा को संबोधित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ने बजट में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की कोशिश है। विपक्ष के आरोपों के जवाब में उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत की दिशा में अहम कदम है।

Parliament Budget Session Day 11: राहुल गांधी के भाषण पर हंगामा
लोकसभा में राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि सरकार अमेरिका के सामने झुक गई। यह सरेंडर करने वाली डील है। इस पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि किसी माई के लाल में दम नहीं है कि देश को झुका दे। राहुल गांधी ने अपने भाषण में सरकार पर बजट में एआई की वजह से नौकरियों पर मंडरा रहे खतरे पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने डेटा सुरक्षा को लेकर भी सवाल किए।
Rahul Gandhi के खिलाफ बीजेपी लाएगी विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बीजेपी राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लेकर आएगी। उन्होंने कहा, 'हम सदन को गुमराह करने और निराधार बयान देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस दाखिल करने जा रहे हैं। लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही और प्रक्रिया के स्पष्ट नियम हैं। जब कोई सदस्य किसी अन्य सदस्य पर गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो उसे नोटिस देना होता है।' राहुल गांधी ने सरकार और प्रधानमंत्री पर निराधार और झूठे आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर भारत और भारतीय हितों को बेचने का आरोप लगाया है। किस आधार पर? उन्होंने बिना नोटिस दिए हरदीप सिंह पुरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बजट पर चर्चा में कई सांसदों ने लिया हिस्सा
बजट पर चर्चा में दोनों सदनों में कई सांसदों ने हिस्सा लिया। केरल के कोट्टायम से निर्वाचित कांग्रेस सांसद एडवोकेट फ्रांसिस जॉर्ज, असम की कोकराझार लोकसभा सीट से निर्वाचित सांसद जे बासुमतारी, केरल से निर्वाचित आईयूएमएल सांसद डॉ एमपी अब्दुस्समद ने भी चर्चा में भाग लिया। राज्यसभा में बजट पर चर्चा के दौरान महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण, मध्य प्रदेश से निर्वाचित भाजपा सांसद डॉ कविता पाटीदार, पूर्व प्रधानमंत्री और कर्नाटक से निर्वाचित वयोवृद्ध राजनेता एचडी देवेगौड़ा और भाजपा सांसद सुजीत कुमार ने भी चर्चा में भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications