MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा में मध्यप्रदेश के छात्र के प्रश्न का दिया समाधान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा 2026 की अध्यक्षता की, छात्रों को परीक्षा के तनाव से निपटने, अनुशासित समय प्रबंधन और सक्रिय अध्ययन योजना के बारे में सलाह दी। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश को सीखने की गति के अनुरूप बनाने और पाठ योजनाओं को पहले से साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम, 2018 के बाद से नौवीं बार, ने शैक्षणिक सफलता के लिए लचीलापन और लक्ष्य निर्धारण पर जोर दिया।
देशभर में शुक्रवार को "परीक्षा पे चर्चा" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परीक्षा से जुड़े तनाव, समय प्रबंधन और पढ़ाई से संबंधित शंकाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर के छात्र आयुष तिवारी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि कई बार शिक्षक जिस गति से पढ़ाते हैं, उससे तालमेल बैठाना कठिन हो जाता है। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षकों को भी चाहिए कि वे विद्यार्थियों की सीखने की गति के अनुसार अपने अध्यापन की योजना बनाएं।
प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि शिक्षक अपने लेसन प्लान पहले से विद्यार्थियों के साथ साझा करें, ताकि छात्र आगामी अध्यायों का पूर्व अध्ययन कर सकें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में आगे बढ़ने का सबसे बेहतर तरीका है—पहले खुद को विषय के लिए तैयार करना, फिर मन को एकाग्र करना और उसके बाद पढ़ाई शुरू करना। इससे विषय की समझ मजबूत होती है और विद्यार्थी एक कदम आगे रहते हैं। प्रधानमंत्री ने परीक्षा पे चर्चा के दौरान तनावमुक्त जीवन, अनुशासन, समय प्रबंधन, जीवन कौशल और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारण के महत्वपूर्ण मंत्र भी दिए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2018 से लगातार परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं। इस वर्ष कार्यक्रम का नौवां संस्करण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों पर किया गया, जिसमें देशभर के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री के विचार सुने।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो विद्यार्थी समय का सही प्रबंधन कर लेता है, वह जीवन में कभी असफल नहीं होता। समय अनुशासन सिखाता है और अनुशासन के साथ जिया गया जीवन ही सफलता की सच्ची पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सूत्रों को आत्मसात कर परीक्षा की तैयारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का स्कूल शिक्षा विभाग राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का राज्य स्तरीय आयोजन भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में किया गया। इसमें स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव संजय गोयल, वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक एवं विद्यार्थी सजीव प्रसारण के माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम में लोक शिक्षण संचालक केके द्विवेदी सहित नोडल अधिकारी संयुक्त संचालक एच. एन. नेमा भी उपस्थित रहे।
प्रदेश में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET), तथा सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने टीवी और इंटरनेट आधारित माध्यमों के जरिए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
9 फरवरी को होगा अगला प्रसारण
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का अगला प्रसारण 9 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 10 बजे से विभिन्न संचार माध्यमों पर किया जाएगा। प्रदेश के विद्यालयों में इसके सजीव प्रसारण की तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications