Parambir Singh Letter Row: कौन हैं अमरावती सांसद नवनीत कौर राणा, क्या है उनका पंजाब और तेलुगु कनेक्शन?
नई दिल्ली। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह की ओर से महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए आरोपों का मामला अब संसद पहुंच चुका है। सोमवार को इस मामले पर दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने ठाकरे सरकार पर जमकर वार किया और सचिन वाजे की भूमिका पर तीखे सवाल किए, लेकिन इसके बाद नवनीत राणा ने जो कहा वो हैरान कर देने वाला है।
Recommended Video

सांसद नवनीत राणा ने लगाया शिवसेना पर आरोप
दअरसल सांसद नवनीत राणा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर आरोप लगाया कि शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने उन्हें संसद की लॉबी में जेल में डालने और देख लेने की धमकी दी है, नवनीत राणा ने लोकसभा अध्यक्ष से अपील की है कि महिलाओं का अपमान करने वाले सावंत के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि अरविंद सावंत ने राणा के सारे आरोपों को गलत बताते हुए राणा के बात करने के रवैये पर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल राणा इस वक्त सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। चलिए विस्तार से जानते हैं उनके बारे में...

जानी-मानी अभिनेत्री रही हैं नवनीत कौर
मालूम हो कि अमरावती से लोकसभा सांसद नवनीत कौर साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री रह चुकी हैं। उन्होंने कई तेलुगु फिल्मों में काम किया है। 3 जनवरी 1986 जन्मी नवनीत कौर राणा के माता-पिता पंजाबी मूल के हैं। उनके पिता सेना में अधिकारी थे। नवनीत ने मॉडल के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी।

राणा की पहली फिल्म 'दर्शन' थी
उनकी पहली फिल्म 'दर्शन' थी, जो कि कन्नड़ भाषा में बनी थी। इसके बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म 'सीनू', 'वसंथी' , 'चेतना' और 'लक्ष्मी' जैसी हिट फिल्मों में काम किया और अपनी पहचान बनाई। उन्होंने मलयालम और पंजाबी फिल्मों में भी काम किया है। इसके अलावा राणा को मराठी, पंजाबी, तेलुगू, हिंदी और इंग्लिश भाषाओं को बहुत अच्छा ज्ञान है।

बहुत अनोखी थी नवनीत कौर की शादी
इन्होंने महाराष्ट्र के विधायक रवि राणा से शादी की है, इनकी शादी भी काफी चर्चित रही थी क्योंकि 2 फरवरी 2011 में इन्होंने 3000 लोगों के साथ सामूहिक विवाह किया था। इससे पहले इतना बड़ा सामूहिक विवाह नहीं हुआ था। ये शादी काफी चर्चित रही थी। गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्डस और लिम्का बुक ऑफ़ रिकॉर्डस के अधिकारी भी इस शादी में बतौर गवाह मौजूद थे। इस सामूहिक समारोह में 350 जोड़े नेत्रहीन और 470 जोड़े शारीरिक रूप से विकलांग थे।

साल 2014 में रखा राजनीति में कदम
शादी के बाद राणा ने साल 2014 में राजनीति में कदम रखा और एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें सफलता हासिल नहीं हुई लेकिन साल 2019 में उन्होंने अमरावती से निर्दलीय के तौर पर इलेक्शन लड़ा और शानदार जीत के साथ संसद पहुंची उन्होंने शिवसेना के दिग्गज नेता आनंदराव अडसुल को हराया था, ये शिवसेना के लिए करारा झटका था।
संजय राउत पर भी लगाया है आरोप
राणा सोशल वर्कर भी हैं और सोशल मीडिया की एक्टिव सदस्यों में से भी एक हैं। सांसद अरविंद सावंत से पहले शिवसेना के दिग्गज नेता संजय राउत पर भी धमकाने जैसे आरोप लगा चुकी हैं क्योंकि उनका कहना था कि उनके घर पर किसी ने धमकी भरा पत्र छोड़ा था, जिसमें कहा गया था कि अगर वो शिवसेना के खिलाफ बोलेंगी तो अंजाम बुरा होगा । उनका शक संजय राउत पर था। उन्होंने थाने में इसकी शिकायत भी कराई थी।












Click it and Unblock the Notifications