पंडाल का गिरना या बारिश? कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ की असली वजह क्या? जान लीजिए ये बड़ा अपडेट
Kolkata Stampede FIR:उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में महासप्तमी की शाम 19 लोगों की जान लेने वाली भगदड़ की असली वजह अब आधिकारिक पुलिस शिकायत से साफ हो गई है। गिरीश पार्क थाने के सब-इंस्पेक्टर रूपक दास की ओर से दर्ज शिकायत पत्र की एक्सक्लूसिव कॉपी से पता चला है कि तेज बारिश के बीच आयोजकों की एक चेतावनी ने श्रद्धालुओं के भीतर मौत का खौफ भर दिया था। इस शिकायत को ही एफआईआर (FIR) का मुख्य आधार बनाया गया है।
गिरीश पार्क थाना क्षेत्र के 10/1, राधा माधव साहा लेन स्थित पंडाल में 17 अक्टूबर की शाम करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच यह भयानक हादसा हुआ। सब-इंस्पेक्टर रूपक दास के मुताबिक, अचानक तेज बारिश शुरू होने से लोग पंडाल के अंदर रुक गए। इसी दौरान आयोजकों की तरफ से अनाउंसमेंट कर दिया गया कि पंडाल का ढांचा कमजोर हो चुका है और वह कभी भी गिर सकता है। इस घोषणा के सुनते ही बाहर निकलने के लिए लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसने तुरंत भगदड़ का रूप ले लिया।

एक गलत घोषणा और दहशत का माहौल
घटना के वक्त मौके पर मौजूद एक महिला ने भी सनसनीखेज खुलासा किया कि जब पंडाल में भारी भीड़ जुटने लगी, तो अचानक एक अनाउंसमेंट की गई कि भीड़ के दबाव से पंडाल गिर सकता है। इस घबराहट पैदा करने वाली घोषणा को सुनते ही वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस अधिकारियों का भी कहना है कि उनके पास एक ऐसा वीडियो फुटेज है जिसमें लाउडस्पीकर पर लोगों से पंडाल खाली करने को कहा जा रहा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह भ्रामक या खतरनाक अनाउंसमेंट किसने और किन परिस्थितियों में करवाई थी।

पुलिस की गिरफ्त में 7 आरोपी, गिरीश पार्क थाने में FIR दर्ज
इस गंभीर लापरवाही पर एक्शन लेते हुए कोलकाता पुलिस ने गिरीश पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शुरुआती पूछताछ के लिए 14 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें से 7 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार लोगों में पूजा समिति के सचिव राज कुमार सेवड़ा (उर्फ राजा), उपाध्यक्ष शांतनु दुबे, ढांचा प्रभारी बिप्लब मुखर्जी, भीड़ प्रबंधक कौशिक साहा व पिंटू डे, और प्राइवेट सिक्योरिटी के प्रभारी सुमन चक्रवर्ती तथा राजेश पाल शामिल हैं।

भारी भीड़ और संकरे रास्ते बने काल
पुलिस की शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयनों से साफ हुआ है कि आयोजकों ने इतनी बड़ी संख्या में उमड़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई थी। पंडाल के एंट्री और एग्जिट गेट बेहद संकरे थे, और दोनों तरफ आने-जाने का रास्ता एक ही जैसा होने के कारण हालात बेकाबू हो गए। जब भगदड़ मची, तो लोग बाहर निकलने के बजाय संकरे एंट्री गेट से ही भागने की कोशिश करने लगे, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए।
कई लोग बेसुध मिले, अस्पताल में 10 की शिनाख्त
सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां कई लोग बेसुध पड़े मिले। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज पहुंचाया और पूरे पंडाल को खाली कराकर सील कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को 10 लोगों की मौत की शुरुआती जानकारी दी गई, जिनकी पहचान अभिषेक श्रीवास्तव (38), श्रीपर्णा पोद्दार (26), मिठू मोंडल (45), आकृति कुमारी (17), बर्णाली हलदर (17), शुभम सोनकर (32), आरती सरकार बिस्वास (45), कल्पना जाना (46), तानिया बिस्वास (18) और तगर भेज (37) के रूप में हुई। कुल मौतों का आंकड़ा 19 तक पहुंच चुका है।

सुबह 3 बजे ही पुलिस ने दिए थे निर्देश, आयोजकों ने बरती ढिलाई
पुलिस शिकायत में आयोजकों की आपराधिक लापरवाही का भी साफ जिक्र है। सब-इंस्पेक्टर रूपक दास ने बताया कि 17 अक्टूबर की तड़के सुबह करीब 3 बजे ही पुलिस ने चोरबागान पूजा समिति के आयोजकों से मुलाकात की थी। उन्हें भीड़ संभालने और सुरक्षा नियमों के पालन का पूरा खाका सौंपा गया था। इसके बावजूद आयोजकों द्वारा तैनात किए गए स्टाफ भारी बारिश और बढ़ती भीड़ के दौरान लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने में पूरी तरह नाकाम रहे।
कानूनी शिकंजे में चोरबागान पूजा समिति
सब-इंस्पेक्टर रूपक दास ने अपनी लिखित शिकायत में चोरबागान सार्वजनीन दुर्गोत्सव समिति के आयोजकों और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ कड़े से कड़ा कानूनी एक्शन लेने की मांग की है। पुलिस का मानना है कि क्राउड मैनेजमेंट का अभाव और अफरा-तफरी फैलाने वाली गलत घोषणा ही इस पूरे हादसे का सबसे बड़ा कारण बनी है।


Click it and Unblock the Notifications
