जम्मू: नौशेरा में पाकिस्तान ने किया सीजफायर उल्लंघन, भारतीय सेना से मिला मुंहतोड़ जवाब
नई दिल्ली: पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आए दिन उसकी ओर से सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। जिसका भारतीय सेना और बीएसएफ मुंहतोड़ जवाब दे रही है। एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सीजफायर का उल्लंघन किया गया। हालांकि अभी तक इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आखिरी अपडेट मिलने तक एलओसी पर रुक-रुककर गोलाबारी जारी थी।

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में रविवार सुबह 11.15 बजे सीजफायर उल्लंघन किया। इस दौरान मोर्टार दागे, साथ ही ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग की। जिस पर भारतीय सेना के जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। अभी तक इस गोलाबारी में किसी भी जवान या फिर स्थानीय नागरिक के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर एलओसी के पास से आम नागरिकों को हटा दिया है।
सीमा पर क्यों हो रही फायरिंग?
दरअसल जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। जिस वजह से कुछ ही दिनों में घुसपैठ के पारंपरिक रास्ते बंद हो जाएंगे। इस वजह से पाकिस्तान चाहता है कि जल्द से जल्द घाटी में ज्यादा आतंकियों की घुसपैठ करवाई जाए। इसके लिए आतंकी लॉन्चिंग पैड पर तैयार बैठें हैं। उन्हीं को कवर फायर देने के लिए पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा। हालांकि घुसपैठ की आशंका के चलते भारतीय सेना ज्यादा सतर्कता बरत रही है। साथ ही अंतररराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर निगरानी बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications