नगरोटा हमले पर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में पेश किया झूठा डोजियर, भारत ने याद दिलाया एबटाबाद ऑपरेशन
नई दिल्ली: एक ओर पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तो वहीं दूसरी ओर वो बचने के लिए लगातार झूठ भी बोलता है। हालांकि पाकिस्तान के ज्यादातर झूठ पकड़े जाते हैं। जिस वजह से उसके नेताओं और प्रतिनिधियों को फजीहत का सामना भी करना पड़ता है। ताजा मामले में पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में नगरोटा हमले को लेकर झूठ बोलने की कोशिश की, लेकिन वहां पर मौजूद भारतीय प्रतिनिधि ने सारे झूठों का पर्दाफाश कर दिया। साथ ही उसे एबटाबाद में ओसामा बिन लादेन ऑपरेशन की याद दिला दी।

दरअसल कुछ दिनों पहले पाकिस्तान समर्थित चार आतंकियों ने घुसपैठ कर जम्मू के नगरोटा में हमला किया था। इस दौरान चारों आतंकियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया और उनके पास से पाकिस्तान निर्मित सामग्रियां भी बरामद कीं। इसके बाद भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के कुछ सदस्यों को इस हमले से संबंधित डोजियर भेजा। साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ सबूत दिए। इसके एक दिन बाद पाकिस्तान ने झूठा डोजियर पेश किया, जिसमें उल्टा भारत पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया। हालांकि भारत ने वहीं पर साफ कर दिया कि पाकिस्तानी डोजियर की विश्वसनीयता शून्य है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रतिनिधि टीएस त्रिमूर्ति ने कहा कि भारत पाकिस्तान के झूठे डोजियर की कड़ी शब्दों में आलोचना करता है। पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है, ये बात पूरी दुनिया को पता है। उन्होंने कहा कि पाक की ओर से बचने के लिए मनगढ़ंत कहानियां बनाना कोई नई बात नहीं है। साथ ही पूछा कि क्या पाकिस्तान को एबटाबाद की कार्रवाई याद है, जब संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिबंधित आतंकियों को वहां पर पनाह दी गई थी। आपको बता दें कि एबटाबाद में अमेरिका ने एक ऑपरेशन किया था, जिसमें दुनिया का सबसे खतरनाक आतंकी ओसामा बिन लादेन मारा गया था। जहां पर ऑपरेशन हुआ था वहां से कुछ ही दूरी पर पाकिस्तानी सेना का बेस भी था। इस ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान की जमकर आलोचना हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications