अमेरिका से जनरल मुनीर की भारत को गीदड़ भभकी, अब इस बड़े उद्योगपति को लेकर दे दी चेतावनी
Pakistan Army Chief Reliance Refinery Warning: अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर पाकिस्तान ने अपनी पुरानी आदत के अनुसार भारत को गिदड़ भभकी दी है। अमेरिका के टैम्पा (फ्लोरिडा) में आयोजित एक निजी डिनर कार्यक्रम में पाक सेना प्रमुख (Pakistan Army Chief) जनरल आसिम मुनीर (Asim Munir) ने ऐसा बयान दिया, जिसने भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में नई तल्खी और बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जनरल मुनीर ने अपने बयान में न केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Reliance Industries Limited) को सीधे तौर पर निशाने पर लिया, बल्कि गुजरात के जामनगर में स्थित दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी को कथित तौर पर सैन्य हमले का टारगेट बनाने की धमकी भी दी।

पाक आर्मी चीफ का यह बयान तब आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से ही कूटनीतिक और सैन्य तनाव लगातार बने हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान की बयानबाजी का रिकॉर्ड ऐसा है जिसे सुनकर लोग सिर पकड़ लें।
जामनगर रिफाइनरी को दी धमकी
'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लोरिडा के टैम्पा में पाकिस्तानी प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए आसिम मुनीर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की तस्वीर के साथ कुरान की सूरा अल-फील (हाथी वाले साल) की आयत लिखी गई थी।
मुनीर ने दावा किया कि हाल ही में भारत के साथ एक तनावपूर्ण स्थिति के दौरान इस पोस्ट को उन्होंने खुद मंजूरी दी थी, ताकि यह दिखाया जा सके कि "अगली बार हम क्या करेंगे।"
इस दौरान जनरल आसिम मुनीर ने परमाणु हथियारों की धमकी को भी शामिल कर यह संदेश देने की कोशिश की कि अगर पाकिस्तान को किसी भी तरह का अस्तित्व खतरा हुआ तो वह कड़ा जवाब देगा। कुल मिलाकर यह बयान भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव में और भी ज्यादा कड़वाहट और अनिश्चितता लेकर आया है, जिसमें तर्क और संयम की कमी साफ दिखाई दे रही है।
भारत की आर्थिक ताकत को निशाना
मुनीर ने अप्रत्यक्ष रूप से भारत की आर्थिक शक्ति और वैश्विक प्रभाव पर चोट करने का संकेत दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है और पाकिस्तान को अस्तित्व का खतरा महसूस हुआ, तो वह परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटेंगे।
भारत का पलटवार
पाक आर्मी चीफ की परमाणु धमकी पर भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत किसी भी तरह के परमाणु ब्लैकमेल के आगे झुकेगा नहीं और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाता रहेगा। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि मुनीर के बयान से यह आशंका और पुख्ता होती है कि पाकिस्तान में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और कमांड की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल हैं, जहां सेना का आतंकवादी संगठनों के साथ गहरा गठजोड़ है।
बता दें कि आसिम मुनीर ने 10 अगस्त को दो महीने से भी कम समय में अमेरिका का दूसरा हाई-प्रोफाइल दौरा किया, जिसमें उन्होंने वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य और नेताओं से मुलाकात की और पाकिस्तानी प्रवासी समुदाय से भी बातचीत की। कुल मिलाकर, जनरल मुनीर का ये बयान दोनों देशों के रिश्तों में और कड़वाहट घोलने वाला था-बस मसाले में तर्क और समझदारी गायब थी।












Click it and Unblock the Notifications