Pahalgam Attack: क्राइम सीन रीक्रिएट, 3D मैपिंग, 2,000 लोगों से पूछताछ, पहलगाम हमले के NIA जांच की बड़ी बातें
Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की टीम बैसरन घाटी पहुंची है, जहां आतंकवादी हमला हुआ था। NIA की टीम ने क्राइम सीन को फिर से रीक्रिएट किया है।
सूत्रों के मुताबिक एनआईए की एक टीम आधुनिक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची है। टीम बैसरन घाटी इलाके की 3डी मैपिंग कर रही है। अब तक चश्मदीदों के बयानों के आधार पर, एनआईए ने 3डी तकनीक का उपयोग करके क्राइम सीन को फिर से रीक्रिएट किया है। ये प्रक्रिया आतंकवादियों के आने और जाने के प्वाइंट का पता लगाने में मदद करेगी। आइए जानें NIA की जांच में अब तक क्या-क्या बड़ी बातें सामने आई है?

🔴 NIA ने अब तक 100 से ज्यादा लोगों के बयान किए दर्ज
अब तक, एनआईए ने जांच में 100 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए हैं। 3डी मैपिंग से हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किए गए भागने के रास्ते की स्पष्ट तस्वीर मिलने की उम्मीद है। फोरेंसिक विशेषज्ञ बैसरन घाटी में मौके पर मौजूद हैं। एनआईए से पहले इस मामले की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही थी।
🔴 NIA ने पहलगाम हमले के 3 आतंकियों की पहचान की है
एनआईए सूत्रों के मुताबिक पहलगाम हमले के पीछे तीन मुख्य अपराधी हैं, एक कश्मीर में है, और दो पाकिस्तान में हैं। पहला है लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख हाफिज सईद। दूसरा है लश्कर का उप प्रमुख सैफुल्लाह और पाकिस्तान SSG का पूर्व कमांडर हाशिम मूसा (उर्फ सुलेमानी)।
🔴 PoK के आतंकवादी का भी हमले में हो सकता है हाथ!
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) से एक सक्रिय एक आतंकवादी NIA के जांच के दायरे में है। माना जा रहा है कि PoK का आतंकी फारूक टीडवा ने पाकिस्तानी आतंकवादियों के प्रवेश में मदद की थी। हाल ही में सेना के सर्च ऑपरेशन के दौरान कुपवाड़ा के कलारूस में फारूक टीडवा का घर तोड़ा गया था।
खुफिया जानकारी मुताबिक फारूक ने पाकिस्तानी आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में अपने ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) के नेटवर्क से संपर्क कराया। अधिकारी उन लोगों पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने पाकिस्तानी हमलावरों की मदद की। फारूक पर 1996 से पाकिस्तान में रहने का संदेह है। खुफिया जानकारी से पता चलता है कि वह कश्मीर में OGW संपर्क में रहा है, और पिछले कुछ हमलों में भी पाकिस्तानी आतंकवादियों की मदद करने के लिए नेटवर्क को सक्रिय किया है।
🔴 NIA ने 2,000 से ज्यादा ओवर-ग्राउंड वर्कर्स से की पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक NIA ने अब तक 2,000 से ज्यादा ओवर-ग्राउंड वर्कर्स से पूछताछ की है। इनमें से कम से कम 15 एजेंट NIA की जांच के दायरे में हैं। सुरक्षा अधिकारियों द्वारा गहन पूछताछ के बाद इन 15 ओवर-ग्राउंड वर्कर्स से पूछताछ की जा रही है।
🔴 आतंकियों ने अप्रैल के पहले हफ्ते में पहलगाम के होटलों की रेकी की थी
पहलगाम हमले को दो पाकिस्तानी आतंकवादियों हाशिम मूसा और तल्हा भाई ने अंजाम दिया है। साथ ही एक स्थानीय व्यक्ति आदिल थोकर ने भी इसमें हिस्सा लिया है। अधिकारियों को शक है कि इसमें एक और पाकिस्तानी आतंकवादी का भी सीधा हाथ है। सूत्रों के मुताबिक आतंकियों ने अप्रैल के पहले हफ्ते में पहलगाम के होटलों की रेकी की थी। वो 22 अप्रैल को हमला किया...जिस दिन दो दिनों के खराब मौसम के बाद बड़ी संख्या में छुट्टियां मनाने वाले लोग बैसरन घाटी में आए थे।












Click it and Unblock the Notifications