108 पूर्व नौकरशाहों की पीएम मोदी को चिट्ठी- लिखा- नफरत की राजनीति को रोकिए
नई दिल्ली, 26 अप्रैल: 108 पूर्व नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने पीएम मोदी से देश में बढ़ती नफरत और कट्टरता की राजनीति पर चिंता जताई है और इसे रोकने के लिए कदम उठाने की अपील की है। पूर्व नौकरशाहों ने अपने इस खुले खत में प्रधानमंत्री की ओर से इस तरह के घटनाओं को नंजरअंदाज करते हुए उन पर चुप्पी साध लेने को लेकर भी काफी सख्त भाषा में सवाल खड़े किए गए हैं।

पूर्व नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री को लिखे खुले खत में भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में नफरत की राजनीति ज्यादा होने की बात कही है। पूर्व नौकरशाहों ने कहा कि 'आजादी का अमृत महोत्सव' के इस वर्ष में प्रधानमंत्री को किसी भी तरह के 'पक्षपातपूर्ण विचारों' से ऊपर उठकर इस तरह की राजनीति को रोकना चाहिए। प्रधानमंत्री के इस पर चुप रहने को पत्र में बड़ा खतरा कहा गया है।
देश में नफरत की राजनीति की आंधी
चिट्ठी में कहा गया है कि हम देश में नफरत की राजनीति की एक आंधी देख रहे हैं, जिससे ना सिर्फ अल्पसंख्यक समुदाय बल्कि संविधान को भी चोट पहुंचाई जा रही है। चिट्ठी में विशेष तौर पर भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाए जाने और हिंसा बढ़ने को लेकर भी प्रधानमंत्री से ध्यान देने को कहा गया है।
चिट्ठी पर कुल 108 पूर्व नौकरशाहों ने दस्तखत किए हैं। इस चिट्ठी पर पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) शिवशंकर मेनन, पूर्व विदेश सचिव सुजाता सिंह, पूर्व गृह सचिव जीके पिल्लई, दिल्ली के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर नजीब जंग और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के प्रमुख सचिव टीकेए नायर के भी हस्ताक्षर हैं।












Click it and Unblock the Notifications