Opposition Meeting: मल्लिकार्जुन खड़गे का ऐलान, 'मुंबई में होगी अगली बैठक, गठबंधन का नाम INDIA'
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 26 दलों के साथ मिलकर एक नए मोर्चे INDIA का गठन किया है। बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की बैठक के दौरान गठबंधन के नाम पर मुहर लगा दी। बैठक के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
पीसी को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, सभी 26 पार्टियों के साथ मिलकर हमने इस गठबंधन को इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस(INDIA) नाम दिया है। हम महाराष्ट्र, मुंबई में फिर मिलने जा रहे हैं। वहां हम समन्वयकों के नाम पर चर्चा करेंगे और उनके नाम का ऐलान करेंगे।

खड़गे ने कहा कि, 11 सदस्यों की एक समन्वयक समिति बनेगी। जल्द ही मुंबई बैठक के लिए तारीख की घोषणा की जाएगी उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र और देश को बचाने को लेकर चर्चा हुई। सभी ने गठबंधन के एक नाम पर सहमति दी। हम 2024 का लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ेंगे और सफल होंगे। एनडीए की बैठक पर खड़गे ने कहा कि, पीएम मोदी अब सभी 'टुकड़ों' को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
मीडिया को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि, हमारी 26 दलों की बैठक हुई, इसमें गठबंधन के नए नाम INDIA रखने का फैसला हुआ। BJP क्या अब चैलेंज कर सकती है INDIA को? NDA क्या INDIA को चैलेंज कर सकता है? क्या कोई भी INDIA को चुनौती दे सकता है? हम देश के लिए हैं। हम दुनिया के लिए हैं। हम किसानों के लिए हैं। सब के लिए हैं। अगर कोई हमें पकड़ सकता है, तो पकड़कर दिखाएं।
वहीं उद्धव ठाकरे ने कहा कि, राजनीति में विचारधारा अलग तो होती ही है लेकिन हम देश के लिए एक हुए हैं। लोगों को लगता है कि हम परिवार को बचाने के लिए एक हुए हैं, देश हमारा परिवार है और उसे बचाने के लिए हम एक हुए हैं। इस तानाशाह सरकार के खिलाफ हम लड़ेंगे।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हिए दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कहा कि, 26 पार्टियां एकत्रित हुई, यह दूसरी मीटिंग थी और यह अच्छी बात है कि कुनबा बढ़ रहा है...आज 26 पार्टियां अपने लिए एकत्रित नहीं हुए हैं, हमें एक तरफ देश को नफरत से बचाना है और दूसरी तरफ एक नए भारत का सपना लेकर हम सब इकट्ठा हुए हैं।
केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा ने पिछले 9 वर्षों में अर्थव्यवस्था, रेलवे को बर्बाद कर दिया है। युवा, किसान, व्यापारी, उद्योगपति हर कोई इस एनडीए सरकार से नाखुश है। ये लोग चाहते तो क्या नहीं कर सकते थे। आप ट्रेन के सेकंड क्लास में चढ़कर देखिए, आपको पता चल जाएगा कि इन्होंने रेलवे की क्या हालत कर दी है। इस सरकार ने जमीन से लेकर आकाश तक सब कुछ बेचने का काम किया है।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, यह लड़ाई विपक्ष और भाजपा के बीच नहीं है। देश की आवाज़ को कुचला जा रहा है, यह लड़ाई देश के लिए है इसलिए इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस (INDIA) नाम चुना गया है। यह NDA और INDIA की लड़ाई है। नरेंद्र मोदी और इंडिया के बीच लड़ाई है। उनकी विचारधारा और इंडिया के बीच की लड़ाई है। हमने निर्णय लिया है कि हम एक एक्शन प्लान तैयार करेंगे और एक साथ मिलकर देश में हमारी विचारधारा और हम जो करने जा रहे हैं उसके बारे में बोलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications