Operation Sindoor Aftermath: सरहद के एयरबेस अगली चुनौती के लिए कैसे तैयार हो रहे हैं
Operation Sindoor: Indian Air Force Airbase Preparedness —मई 2025 की वह रात सरहद के एयरबेस पर तैनात जवान शायद ही कभी भूल पाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) से बौखलाए पाकिस्तान ने 7-8 मई की दरमियानी रात उत्तर और पश्चिम भारत के 15 सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले की कोशिश की थी। निशाने पर राजस्थान के उत्तरलाई, फलोदी और नाल, गुजरात का भुज और पंजाब के आदमपुर व बठिंडा जैसे अहम ठिकाने थे।
देश के हवाई सुरक्षा कवच ने ज़्यादातर हमलों को आसमान में ही नाकाम कर दिया। लेकिन करीब डेढ़ साल बाद सवाल बदल चुका है। अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि दुश्मन का ड्रोन रोका जा सकता है या नहीं। असली सवाल यह है कि अगर कोई ड्रोन या मिसाइल घेरा तोड़कर बेस पर गिर ही जाए, तो वहां से लड़ाकू विमान दोबारा कितनी जल्दी उड़ान भर सकेंगे?

Operation Sindoor की उस रात क्या हुआ था?
सशस्त्र बलों की ओर से 8 मई को जारी बयान के मुताबिक, पाकिस्तान ने अवंतीपोरा और श्रीनगर से लेकर पठानकोट, जालंधर, चंडीगढ़ और भुज तक एक लंबी पट्टी को निशाना बनाया था। इन हमलों को इंटीग्रेटेड काउंटर-यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम ने बेअसर कर दिया।
इसके बाद के दिनों में पाकिस्तान ने श्रीनगर से लेकर गुजरात के नलिया तक 26 से ज़्यादा जगहों पर घुसपैठ की कोशिशें कीं। सरकारी ब्रीफिंग में माना गया कि उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर और भुज के वायुसेना स्टेशनों पर उपकरणों और कर्मियों को मामूली नुकसान पहुंचा। यानी मज़बूत सुरक्षा कवच के बावजूद कुछ हमले ज़मीन तक पहुँच गए।
सरहद के उस पार की तस्वीर इस सबक को और साफ करती है। भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस के रनवे पर कम से कम आठ मीटर चौड़े गड्ढे बन गए थे। सैटेलाइट तस्वीरों में महीनों बाद भी वहां कामचलाऊ मरम्मत ही नज़र आती रही। हमले के बाद के पहले कुछ घंटे किसी एयरबेस की असली ताकत इससे आंकी जाती है कि वह कितनी तेज़ी से विमानों को उड़ान पर भेज सकता है। हमला हो जाए, लेकिन कुछ घंटों में विमान फिर उड़ने लगें, तो दुश्मन की पूरी मेहनत बेकार हो जाती है। इतिहास इसकी कीमत बता चुका है। 1965 की जंग में वायुसेना ने जितने लड़ाकू विमान गंवाए, उनमें से करीब 60 फीसदी ज़मीन पर खड़े-खड़े ही तबाह हुए थे।
हमले के बाद किसी भी बेस के सामने तीन बड़े काम होते हैं। रनवे के गड्ढे भरना, बिखरा मलबा और बिना फटा गोला-बारूद हटाना, और आग पर काबू पाना। इनमें आग सबसे बड़ा सिरदर्द है। फ्यूल डिपो, गोला-बारूद के भंडार या हैंगर में लगी आग देखते-देखते फैल जाती है। घने धुएं और धमाकों के खतरे के बीच दमकलकर्मियों का पास जाना अपनी जान दांव पर लगाने जैसा है। कई बार बेकाबू आग पूरे बेस का कामकाज उतनी ही देर रोक देती है, जितना रनवे का कोई गड्ढा।
कई मोर्चों पर तैयारी
ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद एयरबेस की हिफाज़त को कई परतों में देखा जा रहा है। पहली परत हवाई सुरक्षा की है, जिसमें ड्रोन-रोधी प्रणालियां और आकाश जैसी मिसाइलें शामिल हैं। दूसरी परत विमानों को मज़बूत कंक्रीट शेल्टरों में रखने और अलग-अलग जगहों पर बिखेरकर तैनात करने की है। तीसरी परत रनवे की फुर्तीली मरम्मत की है, ताकि गड्ढे दिनों में नहीं, घंटों में भरे जा सकें। चौथी परत आग और मलबे से निपटने की है, जिस पर अब तक सबसे कम बात होती रही है।
इन तैयारियों की झलक इसी साल फरवरी के आखिर में जैसलमेर की पोखरण फायरिंग रेंज में दिखी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में हुए वायु शक्ति अभ्यास में 130 से ज़्यादा विमानों ने हिस्सा लिया।
इसी अभ्यास के दौरान एक कम चर्चित, लेकिन अहम प्रयोग भी हुआ। आग बुझाने वाले रोबोट 'एफएफ बॉट' को मलबे और आग वाले हालात में परखा गया। यह रिमोट से चलने वाला मानवरहित वाहन है, जो थर्मल कैमरे की मदद से घने धुएं के पार भी देख लेता है। ऑपरेटर दूर बैठकर इसे आग के मुहाने तक ले जाता है, जहां यह पानी या फोम की बौछार करता है।
रक्षा मंत्रालय की आईडेक्स पहल के तहत यह रोबोट अहमदाबाद की स्वदेशी एम्प्रेसा प्राइवेट लिमिटेड ने बनाया है। नौसेना इसे पहले से इस्तेमाल कर रही है और थलसेना ने इस साल जनवरी में गोला-बारूद डिपो के लिए 18 रोबोट का करार किया। वायुसेना ने भी अपने ठिकानों के लिए 80 यूनिट का ऑर्डर दिया है। रोबोट दमकलकर्मियों की जगह नहीं लेता, बल्कि शुरुआती सबसे खतरनाक मिनटों में उन्हें आग से दूर रखता है।
अगली चुनौती अगली लड़ाई में ड्रोन और सस्ते हथियारों के झुंड में आ सकती है। ऐसे में हर हमले को आसमान में ही रोक लेना मुश्किल होगा। इसलिए अब तैयारी का पैमाना सिर्फ बचाव नहीं, बल्कि वापसी की रफ्तार भी है। जो बेस चोट खाकर भी कुछ घंटों में फिर से उड़ान भरने लगे, वही दुश्मन के हौसले तोड़ता है। राजस्थान, पंजाब और गुजरात के सरहदी एयरबेस अब इसी कसौटी पर खुद को कस रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
