Operation Sindoor: 'आतंकवाद ही है पड़ोसी मुल्क की पहचान', TMC नेता अभिषेक बनर्जी का पाकिस्तान पर तीखा हमला
Operation Sindoor: सिंगापुर पहुंची सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर में पाकिस्तान के आतंकी रिश्तों की खुली चेतावनी दी है। भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान और उसकी सेना पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब और किसी सबूत की जरूरत नहीं है यह साबित करने के लिए कि पाकिस्तान का आतंकवादी संगठनों से गहरा नाता है।
बता दे कि अभिषेक बनर्जी जनता दल (यूनाइटेड) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। ये दल पाकिस्तान की आतंकवादी हरकतों और 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने के लिए निकले हैं।

अभिषेक बनर्जी ने कहा, "आप सार्वजनिक डोमेन में ढेरों सबूत देख सकते हैं, जिनमें पाकिस्तान के उच्च सैन्य अधिकारी नामित आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में शामिल होते हैं। क्या इससे बड़ी और कौन-सी साक्ष्य चाहिए?" उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय से अपील की कि वे इस जानकारी को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
Abhishek Banerjee ने सोशल मीडिया की भूमिका को बताया 'सेंट्रल'
बनर्जी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया की भूमिका सेंट्रल हो गई है। उन्होंने कहा, "आज के समय में ट्विटर थ्रेड्स राजनयिक चैनलों से भी तेजी से काम करते हैं। हमें भी अपनी रणनीति उसी स्तर पर ले जानी होगी।" उन्होंने कहा कि भारत में राजनीतिक विरोधाभास है लेकिन जब बात राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता की आती है, तो वे पूरी मजबूती से सरकर के साथ खड़े होते हैं।
"जहां मैं सत्तारूढ़ दल से मतभेद रख सकता हूं, वहां मैं उनसे तीव्र राजनीतिक लड़ाई लडूंगा। लेकिन जब बात मेरी मातृभूमि की सुरक्षा की हो, तो मैं हर विवाद से परे होकर देशहित में काम करूंगा। मैं कभी भी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को राष्ट्रीय हितों से ऊपर नहीं रखूंगा।"
Operation Sindoor: संजय कुमार झा का पाकिस्तान पर बड़ा बयान
प्रतिनिधिमंडल के नेता और जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि भारत सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर दुनिया को पाकिस्तान की सच्चाई दिखा रहा है। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान की पूरी व्यवस्था आतंकवाद पर आधारित है। उनकी राजनीति, उनकी नीति, उनका पूरा तंत्र आतंकवादियों को तैयार करना, प्रशिक्षित करना, फंड देना और फिर उन्हें सीमा पार भेजना ही है।"
बीजेपी सांसद हेमांग जोशी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के विदेश मंत्री, वहां के सांसदों, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों और व्यापारिक नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने बताया, "हमने स्पष्ट किया कि भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है। हमने जिम्मेदारी और संयम के साथ प्रतिक्रिया दी है, लेकिन कोई भी आतंकी कृत्य पाकिस्तान की ओर से युद्ध की कार्यवाही मानी जाएगी।"
वहीं भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब इस बात को लेकर आश्वस्त है कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है और इसे रणनीतिक तौर पर उपयोग करता है।
Operation Sindoor: इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे
इस सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में संजय कुमार झा (जेडीयू), अभिषेक बनर्जी (टीएमसी), अपराजिता सारंगी (बीजेपी), ब्रिजलाल (बीजेपी), जॉन ब्रिटास (सीपीआई-एम), प्रदन बरूआ (बीजेपी), हेमांग जोशी (बीजेपी), पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद और पूर्व राजनयिक मोहन कुमार शामिल हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बहाने भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति में कोई समझौता नहीं होगा। विपक्ष और सत्ता पक्ष, दोनों के नेता एक सुर में पाकिस्तान की आतंकवादी नीतियों के खिलाफ बोलते दिख रहे हैं। अभिषेक बनर्जी जैसे विपक्षी नेताओं का यह रुख दर्शाता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीतिक मतभेद दरकिनार कर सभी एकजुट हैं। यह भारत की लोकतांत्रिक परिपक्वता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उसकी अडिग नीति का प्रमाण है।












Click it and Unblock the Notifications