क्या अब शादी के बाद गिरेगी उमर अब्दुल्ला की सरकार? 25 विधायक की नाराज, आर्टिकल 370 के पेच ने कैसे बढ़ाई टेंशन?

Omar Abdullah Government Crisis: जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार के सामने अपनी ही पार्टी के भीतर से चुनौती मिलने की खबर है। एक तरफ सीएम उमर अब्दुल्ला मशहूर पत्रकार निधि राजदान से दूसरी शादी को लेकर चर्चाओं में तो वहीं उनकी सरकार पर खतरा मंडरा रहा है। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के 25 विधायकों के नाराज होने और नेतृत्व को 14 दिन का अल्टीमेटम देने का दावा किया जा रहा है।

रिपोर्टों के मुताबिक, इन विधायकों ने मांगें पूरी नहीं होने पर राजभवन जाकर सरकार को अपना समर्थन वापस लेने की चेतावनी दी है। हालांकि अब तक किसी भी विधायक ने सार्वजनिक रूप से बगावत का ऐलान नहीं किया है।

Omar Abdullah Government Crisis

विधायकों की नाराजगी की वजह सिर्फ मंत्री पद नहीं है। सरकार में नए चेहरों को जगह देने, मुख्यमंत्री के सलाहकार को हटाने और अनुच्छेद 370 की बहाली के वादे पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने 3 नवंबर को पार्टी और लोकसभा की सदस्यता छोड़ने का ऐलान किया है। इससे उमर अब्दुल्ला के सामने राजनीतिक दबाव बढ़ गया है।

क्या 25 विधायक गिरा सकते हैं सरकार?

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं और नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास 41 विधायक हैं। पार्टी के 25 विधायक नेतृत्व से नाराज हैं। अगर ये विधायक एकजुट होकर समर्थन वापस लेते हैं, तो सरकार का बहुमत गंभीर संकट में पड़ सकता है। हालांकि समर्थन वापसी की कोई सार्वजनिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल सरकार गिरने को तय मानना सही नहीं होगा।

नाराज विधायकों ने नेतृत्व को 14 दिन के भीतर कदम उठाने को कहा है। मांगें नहीं मानी गईं, तो वे राजभवन जाकर अपना समर्थन वापस लेने की बात रख सकते हैं। अब पार्टी नेतृत्व के सामने असंतोष दूर करने और विधायकों को साथ बनाए रखने की चुनौती है।

NC के नाराज विधायकों की 5 मांगें क्या हैं?

सूत्रों के हवाले से आई रिपोर्टों में नाराज विधायकों की पांच प्रमुख मांगें बताई गई हैं।

  • पहली, सरकार के सभी मौजूदा मंत्रियों को उनके पदों से हटाया जाए।
  • दूसरी, मुख्यमंत्री के सलाहकार को तुरंत बदला जाए।
  • तीसरी, नए मंत्रिपरिषद का गठन निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर हो।
  • चौथी, मंत्री बनाने से पहले पूरे विधायक दल से सलाह ली जाए, न कि कुछ नेताओं के फैसले पर नियुक्तियां हों।
  • पांचवीं, सरकार अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए की बहाली के लिए केंद्र के सामने मजबूती से अपना पक्ष रखे।

इस नाराजगी की एक वजह 27 अक्टूबर को हुआ मंत्रिमंडल विस्तार भी बताई जा रही है। उस वक्त उमर अब्दुल्ला ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के चार विधायकों अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्ला, शमीमा फिरदौस और अल्ताफ अहमद वानी को मंत्रिपरिषद में शामिल किया था। रिपोर्टों के मुताबिक़, कुछ वरिष्ठ विधायक इस फैसले से निराश हुए। छह बार के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गुलाम अहमद गुल तथा अब्दुल मजीद लारमी ने मंत्री नहीं बनाए जाने पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी।

सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी का इस्तीफा, आर्टिकल 370 पर बढ़ा दबाव

श्रीनगर से नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने 3 नवंबर को पार्टी और लोकसभा की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर चुनावी वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एनसी ने अनुच्छेद 370 की बहाली, कैदियों की रिहाई और जम्मू-कश्मीर के अधिकारों की रक्षा का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इन मुद्दों पर वैसा कदम नहीं उठाया गया।

मेहदी ने नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी उन्हें टूटे हुए वादे और राजनीतिक मजबूरी का फर्क न समझने वाला मान रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पार्टी से उसके घोषणापत्र पर अमल करने को कहा जाता है, तो जवाब में उसे ही राजनीति की मजबूरियां समझाई जाती हैं। मेहदी ने यह भी कहा कि वह इस कथित अपमान का हिस्सा नहीं बनना चाहते और पार्टी के भीतर की गिरावट को अंदर रहकर ठीक करना अब संभव नहीं लगता।

वह पिछले करीब दो साल से उमर अब्दुल्ला सरकार की आलोचना करते रहे हैं। मेहदी 3 नवंबर को बडगाम के बहिश्त-ए-जहरा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। श्रीनगर लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ने की संभावना की भी चर्चा है, लेकिन इसे लेकर कोई पक्का ऐलान सामने नहीं आया है।

विधायक ने बगावत की खबरों पर क्या कहा?

जहां 25 विधायकों की नाराजगी की चर्चा है, वहीं एनसी विधायक हिलाल अकबर लोन ने पार्टी छोड़ने की अटकलों से दूरी बनाई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने एक साथी विधायक के घर हुई बैठक को गलत रंग देने की कोशिश की। लोन के मुताबिक़, वह बैठक में अपने नेता या पार्टी का साथ छोड़ने के इरादे से शामिल नहीं हुए थे।

लोन ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उन्हें राजनीतिक पहचान दी है और उनकी वफादारी किसी पद या ओहदे पर निर्भर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को कमजोर करने की कोशिश जम्मू-कश्मीर के सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने जैसी होगी और वह ऐसा नहीं होने देंगे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+