योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाने पर उमर अब्दुल्ला ने कसे तंज
बडगाम में योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाने को लेकर उमर अब्दुल्ला ने भाजपा-पीडीपी गठबंधन पर बड़ा हमला बोला। महबूबा मुफ्ती सरकार की उन्होंने जमकर आलोचना की।
बडगाम। जम्मू कश्मीर में सतारूढ़ पीडीपी-भाजपा गठबंधन और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला बडगाम की एक सभा में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसने से नहीं चूके।

उमर अब्दुल्ला ने भाजपा के साथ हाथ मिलाने पर महबूबा मुफ्ती की खिंचाई करते हुए कहा कि इसी बीजेपी के खिलाफ पीडीपी ने 2014 में वोट मांगे थे। उस चुनाव में बीजेपी को हराने की अपील करते हुए पीडीपी ने 28 सीटें जीती थी। क्या मजबूरी थी कि उसी बीजेपी के साथ पीडीपी को हाथ मिलाने की जरूरत पड़ गई?
इसके साथ ही उमर अब्दुल्ला ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने एक ऐसे आदमी को उत्तर प्रदेश की रियासत का वजीर ए आला बना दिया जो कहते हैं कि तब तक आराम नहीं करेंगे जब तक कि हर मस्जिद में मंदिर नहीं कायम कर लेता। इन्हीं लोगों के साथ महबूबा मुफ्ती जी आपको हाथ मिलाना पड़ा।
कश्मीर घाटी में हिंसा और उपद्रव पर उमर अब्दुल्ला ने महबूबा मुफ्ती सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि घाटी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बजाय पीडीपी भाजपा के साथ गठबंधन निभाने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से लोगों में गुस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications