OI Exclusive: 2047 तक दुनिया की ताकत बनेगा भारत? BJP के गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने बताई पूरी रणनीति
OI Exclusive: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने विश्वास जताया है कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उनका कहना है कि 'आर्थिक विकास, जनकल्याणकारी योजनाएं, तकनीकी प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ा जनविश्वास इस लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत हैं।'
नोएडा में आयोजित 'विकसित भारत' विषयक एक बौद्धिक सम्मेलन के दौरान वनइंडिया से बातचीत में गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि 'मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों ने भारत के व्यापक परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार की है। उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।'

गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा, 'पिछले 12 साल विकास, विश्वास और जनकल्याण के रहे हैं। आज वैश्विक मंच पर भारत की आवाज पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को दुनिया भर में पहचान और सम्मान मिला है।'
'उद्योगों और रणनीतिक क्षेत्रों पर विशेष काम कर रही है सरकार'
वैश्विक अर्थव्यवस्था में जारी अनिश्चितताओं के बीच भविष्य की चुनौतियों पर बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 'सरकार उभरते उद्योगों और रणनीतिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देकर पहले ही आगे की रूपरेखा तैयार कर चुकी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा और रेयर अर्थ मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में निवेश और नीतिगत समर्थन भारत के विकास के अगले चरण की आधारशिला बनने जा रहे हैं।'
'65 प्रतिशत रक्षा जरूरतें घरेलू स्तर पर पूरी की जा रही'
गोपाल कृष्ण अग्रवाल के मुताबिक 'ये क्षेत्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनके माध्यम से भारत को वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ-साथ देश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी पैदा किए जा रहे हैं, वर्ष 2014 में जहां भारत का रक्षा निर्यात लगभग 700 करोड़ रुपये था, वहीं 2026 तक यह बढ़कर 23,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। साथ ही, रक्षा उपकरणों के लिए विदेशी निर्भरता में भी उल्लेखनीय कमी आई है और अब देश की लगभग 65 प्रतिशत रक्षा जरूरतें घरेलू स्तर पर पूरी की जा रही हैं।'
'हम तेजी से निर्माता और निर्यातक देश के रूप में उभर रहे'
'विकसित भारत' बौद्धिक संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अग्रवाल ने बताया कि 'इस तरह के सम्मेलन देशभर के विभिन्न जिलों में आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की नीतिगत प्राथमिकताओं की जानकारी देना है। भारत अब केवल रक्षा उपकरणों का खरीदार नहीं रह गया है। हम तेजी से निर्माता और निर्यातक देश के रूप में उभर रहे हैं, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी मजबूती मिल रही है। इस पहल के माध्यम से लोगों को यह समझने में मदद मिलेगी कि सरकार की नीतियों से पैदा हो रहे नए अवसरों के अनुरूप वे अपने करियर, व्यवसाय और उद्यमिता गतिविधियों की बेहतर योजना कैसे बना सकते हैं।'
'जनविश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी'
विकसित भारत 2047 के विजन पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के जवाब में अग्रवाल ने कहा कि 'भाजपा का आत्मविश्वास उसके शासन के रिकॉर्ड और जनता से मिले निरंतर समर्थन पर आधारित है। चुनावी जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन जनता का विश्वास हासिल करना और उसे बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए सरकार के लिए जनविश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है और यही विश्वास भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications