Odisha Train Accident: "बाहर आया तो किसी का हाथ कटा था किसी का पैर"; यात्री की जुबानी लाइव कहानी
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में बचे इस यात्री ने मौके की जो तस्वीरे अपनी जुबानी दिखाई है, वो वाकई दहला देने वाली है। उसने बताया कि कैसे लोगों के हाथ-पांव शरीर से अलग होकर इधर उधर पड़े थे।

ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में अबतक 50 से ज्यादा यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि 350 से अधिक जख्मी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, राहत-बचाव के लिए प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की 5 टीमें जुटी हैं। वहीं इस हादसे के दौरान ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने उस खौफनाक दृश्य के बारे में मीडिया को बताया जब यह भयानक टक्कर हुई थी।
यात्री ने बताया हादसे के दौरान क्या हुआ
यात्री बताता है कि "जब यह हादसा हुआ तो वह ट्रेन में सो रहा था। अचानक जोरदार आवाज के साथ गाडी पलट गई। जब आँख खुली तो देखा की बोगी में मौजूद 10-15 लोग उसके ऊपर आ गिरे। वो सबके नीचे दब गया था। जैसे तैसे ट्रेन की बोगी से जब वो बाहर आया तो देखा कि किसी यात्री का हाथ नहीं है तो किसी का पैर गायब है। किसी का पूरा चेहरा बिगड़ गया है। लोगों की हालत बहुत ख़राब थी।
वहीं कोरोमंडल एक्सप्रेस से यात्रा करने वाली वंदना खटेड़ ने बताया, "मैं कोरामंडल से लौट रही थी। ट्रेन के वाशरूम से बाहर निकली तो देखा कि ट्रेन पूरी टेढ़ी हो गई। संतुलन बिगड़ने से मैं खुद को संभाल नहीं पा रही थी। सब सामन इधर-उधर हो गया था। लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरे पड़े थे। कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है। इसके बाद हम लोग बाहर निकलकर आए।"
कैसे हुआ हादसा
बता दें कि ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम करीब 6:51 पर ये बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है। बहनागा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841) और मालगाड़ी आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। ट्रेन के कई डिब्बे मालगाड़ी पर चढ़ गए। जानकारी के मुताबिक, सात डिब्बे पलट गए और चार डिब्बे रेल बाउंड्री के बाहर चले गए। यानी कुल 15 बोगी बेपटरी हुए हैं।
Recommended Video

कम पड़ रही हैं एम्बुलेंस
फिलहाल इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल राहत-बचाव के लिए प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की 5 टीमें जुटी हैं। वहीं ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि करीब 50 एंबुलेंस रहत कार्य में लगाई गईं हैं, लेकिन घायलों की संख्या ज्यादा होने के चलते घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए बड़ी संख्या में बसें जुटाई जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications