Odisha train accident: ट्रेन हादसे के एक और यात्री की हुई मौत, जानें मरने वालों की कुल संख्या
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रिपल ट्रेन हादसे में घायल हुए यात्री की मौत हो गई है।
Balasore triple train accident: ओडिशा के बालासोर में 2 जून को हुए ट्रेन हादसे ने हर दिल की धड़कने बढ़ा दी थी। शुक्रवार की उस महनहूस शाम को हुए इस ट्रिपल ट्रेन हादसे में बहुतों ने अपनों को खो दिया। वहीं हजार से अधिक लोग घायल हुए।
जिनमें से बहुतों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं इस हादसे के इतने दिनों बाद इस हादसे को लेकर एक और दुखी करने वाली खबर सामने आई है।

इस ट्रेन दुर्घटना में घायल हुए एक और यात्री की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। बालासोर जिले के बहांगा बाजार स्टेशन पर हुए अब तक के भीषण ट्रेन हादसों में से एक हादसे में घायल हुए बिजय पासवान को कटक में इलाज के लिए 3 जून को भर्ती कराया गया था। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है।
प्रशासनिक अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मंगलवार को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक घायल यात्री की मौत के बाद ओडिशा ट्रिपल ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 289 हो गई। इस यात्री की पहचान बिहार निवासी बिजय पासवान के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि घायल यात्री बिजय पासवान की रीढ़ की हड्डी के अलावा कई अन्य गंभीर चोटें आईं थी। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि वह हाईब्लड प्रेशर से भी पीड़ित था। वहीं ट्रेन हादसे के शिकार मृतक के भाई ने बताया कि सोमवार की रात पासवान की तबीयत बिगड़ गई और मंगलवार को उनका निधन हो गया।
बता दें कोरोमंडल एक्सप्रेस 2 जून को शाम साढ़े छह से सात बजे के बीच दूसरी पटली पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई, जिसके अधिकांश डिब्बे पटरी से उतर गए। कोरोमंडल के कुछ डिब्बे बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस के पिछले कुछ डिब्बों पर गिर गए, जो उसी समय गुजर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications