Odisha Plane Crash: ओडिशा में फ्लाइट क्रैश, पायलट समेत 7 लोग थे सवार , कैसे हुआ ये भीषण हादसा?
Odisha Plane Crash: ओडिशा में शनिवार (10 जनवरी) दोपहर भुवनेश्वर से राउरकेला जा रही इंडिया वन एयर की 9-सीटर फ्लाइट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में पायलट समेत कुल 7 लोग सवार थे जिनमें 6 यात्री और 1 पायलट शामिल थे। हादसे में पायलट को गंभीर चोटें आई हैं जबकि बाकी यात्रियों को भी चोट लगी है। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक यह चार्टर्ड विमान राउरकेला एयरपोर्ट पर उतरने से पहले करीब 10 से 15 किलोमीटर की दूरी पर जालदा इलाके के पास नीचे आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश की थी लेकिन विमान तेजी से नीचे आ गया और क्रैश हो गया। दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट पर विमान को राउरकेला में लैंड करना था लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया।

कितना हुआ नुकसान?
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिख रहा है और विंग्स भी टूटे हुए नजर आ रहे हैं। विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-KSS बताया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई और सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के कमांड सेंटर से पूरे ऑपरेशन का समन्वय किया गया ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके और विमान को सुरक्षित किया जा सके। भुवनेश्वर से पर्यटन विभाग की एक टीम के भी मौके पर पहुंचने वाली है।
क्यों गिरा विमान?
फिलहाल विमान के गिरने की वजह साफ नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने कहा है कि तकनीकी खराबी या मौसम से जुड़ी किसी समस्या की जांच की जा रही है। विमान में कैप्टन नवीन कड़ंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव समेत क्रू मेंबर और यात्री सवार थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह सामने आएगी












Click it and Unblock the Notifications