Odisha: सीएम मोहन चरण माजी ने ओडिशा के किसानों को दी बड़ी राहत, धान पर 800 रुपए प्रति क्विंटल मिलेंगे अतिरिक्त
Odisha: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माजी ने किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से बड़ी राहत की घोषणा की है। अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह 2024 के समारोह में माजी ने बाढ़, चक्रवात और कीटों के हमलों जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे किसानों के लिए प्रति क्विंटल धान पर 800 रुपए का अतिरिक्त भुगतान करने का निर्णय लिया। यह घोषणा बीजद सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना के बीच आई है। जिसमें माजी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया।
सीएम माजी ने नौ साल पहले बीजद द्वारा किसानों से किए गए वादे की याद दिलाते हुए कहा कि बरगढ़ जिले के सोहेला में एक रैली के दौरान पटनायक ने प्रति क्विंटल धान पर 100 रुपए बोनस का वादा किया था। जो कभी पूरा नहीं किया गया। माजी ने इस वादाखिलाफी को लेकर किसानों के साथ अन्याय का आरोप लगाया और कहा कि किसानों को दी गई सहायता में बीजद सरकार पूरी तरह से विफल रही है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली नीतियों के चलते कई किसान कर्ज के बोझ से आत्महत्या करने को मजबूर हुए। माजी ने भरोसा दिलाया कि भाजपा के नेतृत्व में किसानों को अब ऐसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब ओडिशा के किसानों को प्रति क्विंटल धान पर 3,100 रुपए मिलेंगे। जिसमें 2,300 रुपए एमएसपी और 800 रुपए की इनपुट सहायता शामिल है।
भाजपा सरकार की प्राथमिकता बनी किसान कल्याण
मुख्यमंत्री मोहन चरण माजी ने बताया कि यह प्रस्ताव भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही मंजूर किया गया। जो पार्टी के चुनावी घोषणापत्र का एक महत्वपूर्ण वादा था। किसानों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 दिसंबर को सोहेला में एक राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें किसानों को इस अतिरिक्त भुगतान का आश्वासन दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि डीबीटी प्रणाली के माध्यम से 48 घंटों के भीतर सीधे किसानों के बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित की जाएगी।
खरीफ धान की खरीद प्रक्रिया में महत्वपूर्ण कदम
खरीफ धान की खरीद प्रक्रिया 20 नवंबर से बरगढ़ जिले में शुरू होगी और 7 दिसंबर तक सभी जिलों में जारी रहेगी। किसानों को एमएसपी के रूप में प्रति क्विंटल 2,300 रुपए दिए जाएंगे और 8 दिसंबर से उन्हें अतिरिक्त 800 रुपए का भुगतान किया जाएगा। सरकार ने किसानों को खरीद प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए कई सूचनात्मक कार्यक्रमों की शुरुआत की है।
इसके अलावा सरकार ने अनाज विश्लेषक और गुणवत्ता विश्लेषक को खरीद केंद्रों पर तैनात करने, किसानों को टोकन वितरण के लिए 15 नवंबर से तैयारी शुरू करने और टोकन की अवधि बढ़ाने जैसे कई विशेष उपाय किए हैं। साथ ही सीएम माजी ने सीमा क्षेत्रों पर सख्त निगरानी रखने का निर्देश भी दिया है। ताकि पड़ोसी राज्यों से धान के अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री माजी ने चेतावनी दी कि खरीद प्रक्रिया में रुकावट डालने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों के प्रति समर्पण के साथ यह कदम ओडिशा में कृषि क्षेत्र को नया आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications