Oath Ceremony: कौन बनेगा देश का रक्षा मंत्री, इस नाम पर मुहर लगना तय
Oath Ceremony: आज नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे है। ऐसे में उनकी कैबिनेट में किन चेहरों को जगह मिलेगी, इसपर हर किसी की नजर है। देश के रक्षा मंत्री का पद काफी अहम होता है, ऐसे में माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी इस मंत्रालय को अपने पास ही रखना चाहेगी।
रिपोर्ट की मानें तो रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, गृहमंत्रालय और वित्त मंत्रालय को भाजपा अपने पास ही रखना चाहिए। ऐसे में यूपी के लखनऊ से भाजपा सांसद राजनाथ सिंह को एक बार फिर से रक्षा मंत्रालय की कमान मिल सकती है। मोदी सरकार 2.0 में भी राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री थे।

इस बार नरेंद्र मोदी के सामने सबसे बड़ी चुनौती एनडीए के सहयोगियों को साथ रखना है। इस चुनाव में भाजपा अकेले दम पर पूर्ण बहुमत से 32 सीट दूर रह गई और पार्टी को 240 सीटों पर जीत मिली है।
जबकि एनडीए के सहयोगी टीडीपी ने आंध्र प्रदेश में 16 सीटों पर जीत दर्ज की है और जदयू ने बिहार में 12 सीटों पर जीत दर्ज की है। लिहाजा भाजपा के लिए एनडीए के दोनों सहयोगियों को भी खुश रखना जरूरी है। यही वजह है कि कई बड़े मंत्रालयों को अपने पास रखना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा।
हालांकि भाजपा कृषि, शिक्षा, पर्यटन, रेलवे, उद्योग जैसे मंत्रालयों को अपने साथी दलों को देने पर विचार कर सकती है। लेकिन देश की सुरक्षा से जुड़े अहम मंत्रालयों को लेकर पार्टी किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं नजर आ रही है।
बहरहाल आज शाम को जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे तो उनके साथ कई सांसद भी मंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसके बाद साफ हो जाएगा कि मोदी के मंत्रिमंडल में किन नेताओं को जगह मिलेगी।
अभी तक की जानकारी के अनुसार एचडी कुमारस्वामी, जीतन राम मांझी, ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, चिराग पासवान, शिवराज सिंह चौहान, शांतनु ठाकुर, रामदास आठवले, राजनाथ सिंह, एस जयशंकर, निर्मला सीतारमण, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अमित शाह, पीयूष गोयल, जयंत चौधरी, राजमोहन नायडू मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications