केजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला, अब दिल्ली के होटलों और क्लबों में फिर से सर्व की जा सकेगी शराब
नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 28 लाख के पार पहुंच गई है। इसके बावजूद भी सरकार लगातार पाबंदियों में छूट देती जा रही है। राजधानी दिल्ली में भी हालात अब काफी हद तक सुधर गए हैं। जिस वजह से बुधवार को दिल्ली सरकार ने राजधानी के होटलों को खोलने का फैसला लिया था। वहीं अब गुरुवार को होटलों और क्लबों में शराब परोसने की भी इजाजत दे दी गई है, हालांकि इसके लिए कुछ शर्तों का पालन करना जरूरी होगा।
Recommended Video

होटल मालिकों को राहत
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को शराब से संबंधित एक आदेश जारी किया। जिसमें राजधानी के होटलों, क्लबों में शराब के बिक्री की इजाजत दे दी गई। इसके लिए होटलों को अनलॉक की गाइडलाइन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा। सरकार के इस फैसले से होटल मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा था, साथ ही शराब के स्टॉक भी एक्सपायर होने वाले थे।

पहले नियम फिर बिक्री
मामले में डिप्टी सीएम सिसोदिया ने कहा कि अनलॉक पर केंद्र सरकार की गाइडलाइन का विस्तार से अध्ययन किया गया है। इसके अलावा राजस्थान, असम, पंजाब जैसे कई राज्यों के होटलों और क्लबों में शराब बिक्री की इजाजत दी गई है। ऐसे में राजस्व को देखते हुए दिल्ली सरकार ने भी ये फैसला लिया है। उन्होंने साफ किया कि पहले आबकारी विभाग सोशल डिस्टेंसिंग समेत अन्य नियम जारी करेगा। फिर लाइसेंसधारी होटल, रेस्टोरेंट्स, क्लब शराब की बिक्री कर सकेंगे।

साप्ताहिक बाजार भी खुलेंगे
बुधवार को दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक हुई। इस दौरान कोरोना वायरस को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आर्थिक गतिविधियों को फिर से पटरी पर लाने की बात पर सहमति बनी। जिसके तहत बैठक में राजधानी दिल्ली के होटलों को फिर से खोलने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा साप्ताहिक बाजार भी ट्रायल बेसिस पर खोले जाएंगे, लेकिन जिम और व्यायामशाल को अभी बंद रखा जाएगा। साप्ताहिक बाजार पर स्थायी फैसला बाद में लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications