अक्षरधाम के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, स्पेशल सेल के हत्थे चढ़ा कुख्यात बदमाश
नई दिल्ली। राजधानी में शुक्रवार की देर रात अक्षरधाम के पास खेलगांव रेजिडेंसियल कॉम्प्लेक्स में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक कुख्यात बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसको गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश की पहचान मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इस बदमाश के छिपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद इलाके में घेराबंदी की गई थी।
पुलिस की घेराबंदी को देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और रोकने पर पुलिस पर फायर झोंक दिया। तभी पुलिस की टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायर किया। इस दौरान एक गोली बदमाश के पैर में लगी जिसके बाद वह भागने में नाकाम रहा। इसके बाद पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, देर रात गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया, स्थानीय लोगों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि अचानक क्या हो गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्त में आया बदमाश रेहान अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करोलबाग समेत कई इलाकों में व्यापारियों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम देता था। शुक्रवार की रात को भी रेहान ने इसी प्रकार की लूट की योजना बनाई थी और वह अपने साथियों से मिलने जा रहा था, इस बीच पुलिस को उसके बारे में सूचना मिल गई।
ये भी पढ़ें: आखिरकार लौट आए तेजस्वी यादव, खुद बताई 'लापता' रहने की वजह
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पैर में गोली लगने के बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेहान यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है, दिल्ली में वह सुभाष विहार भजनपुरा इलाके में रहता था। पुलिस ने 15 दिनों पहले ही रेहान के एक साथी को गिरफ्तार किया था जिसका नाम मुजीब है। मुजीब से पूछताछ में ही पुलिस को रेहान की गतिविधियों की जानकारी हाथ लगी थी और उसको दबोचने के लिए घेराबंदी की गई थी।