आसमान उगल रहा है आग, बीते 24 घंटे में भट्टी बने ये 10 शहर! क्या दिल्ली भी है इस लिस्ट में?
Heat Wave: उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल किया हुआ है। उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा अत्यधिक गर्मी की चपेट में है। कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री के पार जा चुका है। 21 मई को हरियाणा का सिरसा 47.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म क्षेत्र रहा। उसके बाद राजस्थान का पिलानी 47.2 डिग्री और पंजाब का भटिंडा 46.6 डिग्री के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहा।
देशभर के 10 सबसे गर्म शहरों में 46.6 डिग्री के साथ उत्तर प्रदेश का आगरा भी शामिल है। इसके बाद मध्य प्रदेश का रतलाम, 45.6 डिग्री, गुजरात का सुरेंद्रनगर, 45.4 डिग्री, महाराष्ट्र का अकोला, 44.0 डिग्री, छत्तीसगढ़ का दुर्ग, 43.6 डिग्री, हिमाचल प्रदेश का ऊना, 42.4 डिग्री और ओडिशा का नुआपाड़ा, 42.2 डिग्री के साथ इस लिस्ट में है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान में वृद्धि देखी गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को दिल्ली और इसके आसपास के राज्यों में अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक सर्कुलर में दिल्ली के सभी स्कूलों को प्रचलित लू की स्थिति के कारण इस शैक्षणिक वर्ष के लिए 11 मई से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रखने का निर्देश दिया गया है।
आईएमडी ने कहा है, "मौजूदा स्थितियां शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले कमजोर लोगों के लिए चिंता का कारण हैं। मौसम एजेंसी ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए ओआरएस और घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी और छाछ का सेवन करके गर्मी के संपर्क और निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से बचने का सुझाव दिया है।
इस मौसम में लू से कैसे बचें?
डॉक्टर्स का कहना है कि अत्यधिक तापमान और हीटवेव के संपर्क में आने से थकावट, हीटस्ट्रोक और निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) हो सकता है। पसीने से शरीर में तरल पदार्थ और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे निर्जलीकरण होता है और महत्वपूर्ण खनिजों में असंतुलन होता है। यह शरीर की तापमान को नियंत्रित करने की क्षमता में बाधा डाल सकता है। इसके परिणामस्वरूप सिरदर्द, मतली, कमजोरी और चक्कर आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। यदि सही वक्त पर इलाज ना किया जाए, तो यह गर्मी की थकावट या संभावित घातक हीटस्ट्रोक में बदल सकता है।
डॉक्टर्स का कहना है कि धूप से बचने, हाइड्रेटेड रहने, हल्के कपड़े पहनने और कूलर या एयर कंडीशनर का उपयोग करने से अत्यधिक तापमान के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचने में मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications