सरकार के पास जेएनयू का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं: लोकसभा में शिक्षामंत्री निशंक ने दी जानकारी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) का नाम बदलने को लेकर विचार नहीं कर रही है। केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमवार को लोकसभा में ये जानकारी दी है। सवाल पूछा गया था कि क्या सरकार केंद्रीय विश्वविद्यालय जेएनयू का नाम बदलने पर विचार कर रही है। इस पर अपने जवाब में केंद्रीय शिक्षामंत्री ने सोमवार को कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव सरकार को नहीं मिला है।
देश से सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी का नाम बदलने को लेकर बीते कुछ समय में भाजपा के कई नेता मांग कर चुके हैं। बीते साल भारतीय जनता पार्टी के महासचिव सीटी रवि ने कहा था कि जेएनयू का नाम बदल दिया जाए। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी की जगह इसका नाम स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी कर दिया जाए।
सीटी रवि के अलावा भाजपा के सांसद हंसराज हंस भी जेएनयू का नाम बदलने की मांग कर चुके हैं। कई और नेता भी इस बात को कहते रहे हैं, हालांकि जेएनयू के छात्र और शिक्षक ऐसी किसी मांग का कड़ा विरोध करते रहे हैं।
राज्यसभा में बोले राजनाथ सिंह- पाक सरकार का दिल ही जानता है, हमारी सेना से मिल रहा है कैसा जवाब