'चाहे जो हो जाए.....': गुजरात HC के फैसले के बाद कांग्रेस ने ट्विटर पर दिया ये संदेश
गुजरात हाई कोर्ट से राहुल गांधी की ओर से दायर आपराधिक मानहानि केस में सजा पर रोक लगाने वाली याचिका खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस ने ट्विटर पर एक संदेश दिया है। इस संदेश को देखने से यही लगता है कि पार्टी इस कानूनी मसले को राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी शुरू कर चुकी है।
इससे पहले कांग्रेस नेता और वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा था कि 'मानहानि कानून का गलत इस्तेमाल किया गया...हम कानूनी व्यवस्था , न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट पर पर विश्वास करते हैं, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय से भी ऊपर जनता की अदालत है।'

चाहे जो हो जाए.....मोहब्बत जीतेगा- कांग्रेस
अब कांग्रेस ने ट्विटर पर गुजरात हाई कोर्ट के फैसले से जुड़े एक अखबार की खबर का स्क्रीन शॉट लगाकर लिखा है, 'मोहब्बत से जीतेंगे.....चाहे जो हो जाए.....मोहब्बत जीतेगा!!! सत्यमेव जयते....'
कांग्रेस ने बीजेपी पर फोड़ा ठीकरा
उधर सिंघवी ने अदालत के फैसले के बाद यह भी आरोप लगाया था कि 'हम लोगों को बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से बनाए गए आरोप-प्रत्यारोप का कुटीर उद्योग दिखा रहे हैं, ताकि बोलने की आजादी बंद हो जाए..'
2019 की रैली में की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता को मोदी सरनेम केस में आपराधिक मानहानि का दोषी पाया गया है, जिसके बाद गुजरात की एक निचली अदालत ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई थी। राहुल गांधी ने वह आपत्तिजनक टिप्पणी 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान कर्नाटक की एक रैली में की थी। उन्होंने कहा था- 'सारे चोरों का सरनेम मोदी ही क्यों रहता है?'
छिन चुकी है राहुल की संसद सदस्यता
इस मामले में राहुल को पहले सूरत के मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट से दोषी पाया और सजा सुनाई। इसके खिलाफ राहुल तुरंत सूरत के सेशन कोर्ट में अपील में चले गए। वहां भी उनकी सजा बरकरार रखी गई। दो साल की सजा की वजह से राहुल गांधी लोकसभा की सदस्यता के अयोग्य करार दिए गए और उनकी संसद सदस्यता चली गई।
सुप्रीम कोर्ट में भी चुनौती देने की तैयारी में कांग्रेस
फिर राहुल ने सेशन कोर्ट के फैसले को गुजरात हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। लेकिन, अदालत ने उन्हें सजा पर अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, उन्हें जमानत दी गई थी। इसी मामले में हाई कोर्ट ने शुक्रवार को फैसला सुनाया है और उनकी दो साल की सजा को बरकार रखा है। अब कांग्रेस इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी में है।
शुक्रवार को राहुल गांधी की सजा बरकार रखे जाने के हाई कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस समर्थकों ने कई जगह प्रदर्शन भी किए हैं। उसी के बाद कांग्रेस ने यह ट्वीट किया है।












Click it and Unblock the Notifications