अब दिल्ली के होटल में नहीं रुक पाएंगे चीनी नागरिक, एसोसिएशन ने जारी किया फरमान
नई दिल्ली: भारत-चीन सीमा के लद्दाख सेक्टर में LAC पर विवाद जारी है। हाल ही में गलवान घाटी में हुई झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। जिसके बाद से पूरे देश में चीनी उत्पादों के बहिष्कार की मुहिम चलाई जा रही है। अब राजनाधी दिल्ली में होटल एसोसिएशन ने एक नई मुहिम शुरू कर दी है, जिसके तहत वहां के किसी भी होटल में चीनी नागरिकों को रुकने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दिल्ली होटल्स एंड गेस्ट हाउस ओनर्स एसोसिएशन (धुर्वा) के मुताबिक राजधानी में 3000 बजट होटल और गेस्ट हाउस हैं, जिसमें 75 हजार कमरे किराए पर दिए जाते हैं। अब से किसी चीनी मेहमान को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के होटल और गेस्ट हाउस में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने भी चीनी उत्पादों के बहिष्कार का ऐलान किया है। उसी के समर्थन में धुर्वा ने ये फैसला लिया है।
धुर्वा के मुताबिक मौजूदा वक्त में सीमा पर जो व्यवहार चीन कर रहा है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल ही में हुई घटनाओं से देश के व्यापारियों में काफी गुस्सा है। चीनी सामान के बहिष्कार का जो अभियान CAIT ने चलाया है, उसमें दिल्ली के होटल और गेस्ट हाउस वाले भी हिस्सा लेंगे। अब किसी भी कीमत पर चीनी नागरिकों को दिल्ली के होटल में रुकने नहीं दिया जाएगा। वहीं CAIT ने होटल एसोसिएशन ने इस फैसले का स्वागत किया है। CAIT अब किसान, लघु उद्योग, उपभोक्ताओं आदि से संपर्क करेगा, ताकी उन्हें भी इस अभियान से जोड़ा जा सके।