Nitin Nabin Salary: भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नबीन को नहीं मिलेगी सैलरी! तो कहां से करेंगे कमाई, कैसे चलेगा घर
Nitin Nabin Salary: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 45 साल की उम्र में नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। बिहार की बांकीपुर सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए नितिन नबीन ने 20 जनवरी से बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर कमान संभाल ली है। दिसंबर 2025 में उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और अब पार्टी की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। अध्यक्ष बनते ही सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर शुरू हो गई कि इतने बड़े पद पर क्या उन्हें सैलरी मिलेगी या नहीं।
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी, लेकिन सैलरी नहीं
सबसे पहले साफ कर दें कि बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष कोई सरकारी पद नहीं होता। यह पूरी तरह संगठनात्मक जिम्मेदारी है। इसी वजह से इस पद पर कोई तय सरकारी वेतन नहीं मिलता। नितिन नबीन को अध्यक्ष बनने के बाद हर महीने कोई फिक्स सैलरी नहीं दी जाएगी। पार्टी के भीतर इसे सेवा का पद माना जाता है।

हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह जरूर कहा जाता है कि पार्टी अपने शीर्ष नेताओं को खर्च की चिंता से मुक्त रखने के लिए पार्टी फंड से 1 लाख से 1.5 लाख रुपये तक का मानदेय या भत्ता दे सकती है। यह कोई आधिकारिक सैलरी नहीं होती, बल्कि संगठन के खर्च के तौर पर देखा जाता है।
🟡 तो फिर नितिन नबीन और उनके परिवार खर्च कैसे चलेगा?
सैलरी भले न हो, लेकिन सुविधाओं की कमी नहीं है। बीजेपी देश की सबसे अमीर राजनीतिक पार्टियों में शामिल है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने दिसंबर 2025 में राज्यसभा में दावा किया था कि बीजेपी के खातों में 10,107 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन के सभी आधिकारिक खर्च पार्टी ही उठाती है।
🟡 घर, गाड़ी, सुरक्षा, सबकुछ पार्टी के जिम्मे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नितिन नबीन को दिल्ली के लुटियंस जोन में टाइप-8 या एमपी लेवल का फुली फर्निश्ड सरकारी बंगला मिलेगा। इसके किराये और मेंटेनेंस का कोई खर्च उन्हें नहीं उठाना होगा।
सुरक्षा की बात करें तो उन्हें Z कैटेगरी की सुरक्षा दी जाती है। 24x7 सुरक्षाकर्मी साथ रहते हैं। यह सुरक्षा सरकारी होती है क्योंकि पद बेहद संवेदनशील और अहम है।
आवाजाही के लिए कार और ड्राइवर हमेशा उपलब्ध रहते हैं। पार्टी के काम से देश या विदेश यात्रा करनी हो तो फ्लाइट, होटल और अन्य इंतजाम बीजेपी की तरफ से किए जाते हैं। जरूरत पड़ने पर चार्टर्ड फ्लाइट तक की व्यवस्था होती है।

🟡 स्टाफ और मेडिकल सुविधा भी फ्री
राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूरा सपोर्ट सिस्टम मिलता है। पर्सनल असिस्टेंट, मीडिया टीम, सलाहकार, सचिव और अन्य स्टाफ पार्टी की ओर से सैलरी पर होते हैं। इसके अलावा मेडिकल सुविधा, ऑफिस खर्च और पार्टी आयोजनों के लिए अलग बजट तय रहता है।
🟡 नितिन नबीन की कमाई कहां से होती है? (Nitin Nabin income Source)
नितिन नबीन बिहार के मौजूदा विधायक हैं। विधायक होने के नाते उन्हें वेतन और भत्ते मिलते हैं। बिहार में एक विधायक को कुल मिलाकर करीब 1.60 से 1.65 लाख रुपये महीने मिलते हैं। इसमें बेसिक सैलरी, क्षेत्रीय भत्ता, पीए भत्ता और अन्य सुविधाएं शामिल होती हैं। विधानसभा सत्र या बैठकों में शामिल होने पर अलग से भत्ता भी मिलता है।
अपने चुनावी हलफनामे में नितिन नबीन ने बताया था कि चालू वित्त वर्ष में उनकी व्यक्तिगत आय करीब 3.71 लाख रुपये रही। उनकी पत्नी डॉ दीपमाला श्रीवास्तव, जो पूर्व में एसबीआई अधिकारी रह चुकी हैं और अब स्वरोजगार करती हैं, उनकी सालाना आय करीब 1.2 लाख रुपये बताई गई थी।

🟡 कितनी है नितिन नबीन की कुल संपत्ति? (Nitin Nabin Net Worth)
चुनाव आयोग में दिए गए हलफनामे के अनुसार नितिन नबीन की कुल संपत्ति करीब 3.06 से 3.08 करोड़ रुपये है। इसमें लगभग 1.47 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 1.60 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उन्होंने खुद पर 56.6 लाख रुपये की देनदारी भी घोषित की है।
दिलचस्प बात यह है कि नितिन नबीन के नाम पर कोई निजी घर नहीं है। उनके पास बैंक जमा, निवेश, वाहन और गहनों की जानकारी हलफनामे में दर्ज है। उनके पास एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा कार है। परिवार के पास करीब 11 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बताए गए हैं।
🟡 पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव के नाम पर ज्यादा संपत्ति (Nitin Nabin wife Net Worth)
नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव के नाम पर पटना में करीब 1.18 करोड़ रुपये कीमत का घर और करीब 28 लाख रुपये की कृषि भूमि दर्ज है। इसके अलावा उन्होंने म्यूचुअल फंड में 6 लाख रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। बीमा पॉलिसी और एक निजी कंपनी में डायरेक्टर होने की जानकारी भी हलफनामे में दी गई है।
🟡 नितिन नबीन से पहले बीजेपी अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा कितने अमीर थे?
नितिन नबीन से पहले बीजेपी अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा की नेटवर्थ करीब 9.36 करोड़ रुपये बताई गई थी। यानी संपत्ति के मामले में नड्डा उनसे लगभग तीन गुना ज्यादा अमीर थे। नड्डा को केंद्रीय मंत्री होने के कारण वेतन और भत्ते भी मिलते थे।
कुल मिलाकर साफ है कि बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भले ही इस पद के लिए कोई तय सैलरी न मिले, लेकिन सुविधाओं के मामले में उन्हें किसी तरह की कमी नहीं होगी। दिल्ली में आलीशान बंगला, 24 घंटे सुरक्षा, गाड़ी, स्टाफ, यात्रा और हर जरूरी सुविधा पार्टी की ओर से उपलब्ध कराई जाती है। यानी जेब से खर्च भले कम हो, लेकिन लाइफस्टाइल पूरी तरह वीआईपी बनी रहती है।












Click it and Unblock the Notifications