नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कल होगी अधिकारिक घोषणा
बिहार के पांच बार के विधायक नितिन नबीन 20 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर निर्विरोध चुने जा चुके हैं। नितिन नबीन पार्टी के शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे, जिन्होंने इस पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।
पार्टी ने बताया भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन को निर्विरोध चुन लिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी ने बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नबीन का नाम प्रस्तावित हुआ था। प्राप्त सभी 37 नामांकन पत्र वैध पाए गए।

20 जनवरी को होगी अधिकारिक घोषणा
पार्टी चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने स्पष्ट किया कि कोई अन्य नामांकन न होने से नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए। उनके नाम की आधिकारिक घोषणा मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को होगी।
शाह, राजनाथ सिंह और गडकरी समेत मौजूद रहे ये दिग्गज नेता
नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और किरेन रिजिजू जैसे कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नवीन के नाम का प्रस्ताव रखा।
यह निर्वाचन प्रक्रिया 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव संपन्न होने के बाद शुरू हुई थी, जो न्यूनतम 50 प्रतिशत से अधिक है। निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना 16 जनवरी 2026 को जारी हुई व निर्वाचन सूची प्रकाशित की गई। नामांकन प्रक्रिया सोमवार, 19 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक संपन्न हुई। । पार्टी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया तभी प्रारंभ हो सकती है, जब 50% राज्य इकाइयों में चुनाव पूरे हो जाएं।
नितिन नवीन के पक्ष में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कुल सैंतीस सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इन सभी पत्रों का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और गुजरात, दिल्ली, छत्तीसगढ़ जैसे कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने किया। यह एक व्यापक और सर्वसम्मत समर्थन को परिलक्षित करता है।
सबसे कम उम्र के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन
पार्टी में नितिन नवीन की यह शीर्ष पद पर नियुक्ति एक महत्वपूर्ण पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है। यह युवा पीढ़ी को एक बड़ा मंच प्रदान करेगा। नवीन भाजपा के अब तक के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष होंगे।
वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने संगठनात्मक चुनाव को पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र का एक सशक्त उदाहरण बताया। पार्टी के आधिकारिक बयान में भी कहा गया, "जबकि अन्य दल परिवार-केंद्रित राजनीति तक ही सीमित रहते हैं, भाजपा ऐसी एकमात्र पार्टी है जो अपने नेतृत्व का चयन बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पारदर्शी, सहभागी और लोकतांत्रिक तरीके से करती है।"












Click it and Unblock the Notifications