Nitin Nabin: 45 साल के नितिन नबीन बने BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, मोदी-शाह ने कैसे किया पसंद, इनसाइड स्टोरी
BJP National President Nitin Nabin:भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। 45 साल के नितिन नबीन अब BJP के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं। 19 जनवरी को भाजपा मुख्यालय में औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही उन्होंने कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नितिन नबीन पार्टी इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। इससे पहले अमित शाह 49 साल की उम्र में इस पद तक पहुंचे थे।
निर्विरोध चुने गए नितिन नबीन
भाजपा अध्यक्ष पद के लिए 19 जनवरी को चुनाव हुए, लेकिन किसी और उम्मीदवार का नामांकन न आने के कारण नितिन नबीन निर्विरोध चुन लिए गए। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। जेपी नड्डा 2020 से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और 2024 में उनका कार्यकाल खत्म हो गया था। इसके बाद वे एक्सटेंशन पर बने हुए थे।

सबसे युवा अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड
भाजपा में अब तक 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। लालकृष्ण आडवाणी तीन बार इस पद पर रहे, जबकि राजनाथ सिंह ने दो बार पार्टी की कमान संभाली। नितिन नबीन सबसे कम उम्र में इस जिम्मेदारी तक पहुंचने वाले नेता बन गए हैं। पार्टी के भीतर इसे नेतृत्व में पीढ़ीगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Z कैटेगरी की सुरक्षा भी मिली
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही केंद्र सरकार ने नितिन नबीन को Z कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है। यह फैसला मंगलवार सुबह उनके कार्यभार संभालने से पहले लिया गया। इससे पहले जेपी नड्डा को भी इसी तरह का सुरक्षा कवर मिला था, जिसकी जिम्मेदारी CRPF की VIP सुरक्षा विंग संभाल रही थी। केंद्रीय सुरक्षा सूची में VIP सुरक्षा Z प्लस ASL से लेकर Z प्लस, Z, Y प्लस, Y और X कैटेगरी तक होती है।
कैसे फाइनल हुआ नितिन नबीन का नाम
पार्टी सूत्र बताते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर फैसला बेहद गोपनीय तरीके से हुआ। BJP के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह लखनऊ में एक कार्यक्रम में थे, तभी उनके पास गृह मंत्री अमित शाह का फोन आया। शाह ने साफ कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम तय हो चुका है और नितिन नबीन के नाम का लेटर तुरंत जारी किया जाए। इसके बाद महज एक घंटे के भीतर लेटर तैयार होकर पार्टी और संगठन में सर्कुलेट कर दिया गया।
PM मोदी की अहम बैठक
पार्टी सूत्रों के मुताबिक 12 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद बोर्ड के सभी सदस्यों के साथ एक ऑनलाइन बैठक बुलाई थी। नोटिस महज दो घंटे का था। इस बैठक में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें किसी नाम पर चर्चा नहीं करनी है, बल्कि यह बताना है कि पार्टी को किस तरह का राष्ट्रीय अध्यक्ष चाहिए।
इस बैठक में बोर्ड मेंबर्स ने अध्यक्ष के लिए जिन खूबियों पर जोर दिया, उनमें पांच बातें बार-बार सामने आईं। पहला, युवा चेहरा। दूसरा, संगठन और सरकार के बीच संतुलन बना सके। तीसरा, विवादों से दूर रहने वाला नेता। चौथा, संघ और पार्टी दोनों का अनुभव। पांचवां, हिंदी भाषी होना। करीब 45 से 50 मिनट चली इस बैठक में किसी नाम पर चर्चा नहीं हुई।
सिर्फ तीन लोगों को थी पहले से जानकारी
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि नितिन नबीन के नाम की जानकारी ऐलान से पहले सिर्फ तीन लोगों को थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष। जिस दिन नाम का ऐलान हुआ, उस दिन तीनों गृह मंत्री के आवास पर मौजूद थे। यहीं से बीएल संतोष ने नितिन नबीन को कुछ घंटे पहले फैसले की सूचना दी।
नितिन नबीन को कब मिली खुशखबरी
नितिन नबीन के करीबी सूत्र बताते हैं कि ऐलान वाले दिन सुबह तक उन्हें खुद भी नहीं पता था कि उनका नाम फाइनल हो चुका है। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम में व्यस्त थे। दोपहर करीब 2 से 2.30 बजे के बीच बीएल संतोष का फोन आया और उन्हें तुरंत दिल्ली पहुंचने को कहा गया। यहीं उन्हें अध्यक्ष बनने की जानकारी मिली।
बिना औपचारिक बैठक के फैसला
दिलचस्प बात यह रही कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी कार्यालय में कोई औपचारिक बैठक नहीं हुई। न ही कोई विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं के मुताबिक BJP में कार्यकारी अध्यक्ष के चयन के लिए अलग प्रक्रिया नहीं होती। पहले भी जेपी नड्डा को इसी तरह कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
कौन हैं नितिन नबीन (who is Natin Nabin)
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को पटना में हुआ। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक थे। नितिन नबीन बांकीपुर सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2006, 2010, 2015, 2020 और 2025 में चुनाव जीते। 9 फरवरी 2021 को वे बिहार सरकार में सड़क एवं परिवहन मंत्री बने। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी कुल संपत्ति करीब 3.1 करोड़ रुपये बताई जाती है।
45 साल की उम्र में पार्टी की कमान संभालने वाले नितिन नबीन के सामने अब संगठन को आगे बढ़ाने और 2029 की तैयारी जैसी बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। पार्टी के भीतर उन्हें मोदी-शाह की पसंद का चेहरा माना जा रहा है, जो आने वाले वक्त में BJP की राजनीति की दिशा तय कर सकता है।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष की अब तक की लिस्ट (BJP President List)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी। तब से लेकर अब तक पार्टी के कई नेता इस शीर्ष पद पर रहे हैं। नीचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षों की पूरी सूची दी गई है।
- 1. अटल बिहार वाजपेयी (1980 से 1986)
- 2. के. एल. आडवाणी (1980-1990, 1993-1998, 2004-2005)
- 3. मुरली मनोहर जोशी (1991-1993)
- 4. कुशाभाऊ ठाकरे (1998-2000)
- 5. बंगारू लक्ष्मण (2000-2001)
- 6. के जना कृष्णमूर्ति (2001-2002)
- 7. एम वेंकैया नायडू (2002-2004)
- 8. नितिन गडकरी (2010-2013)
- 9. राजनाथ सिंह (2005-2009) (2013-2014)
- 10. अमित शाह (2014-2017, 2017-2020)
- 11.जेपी नड्डा (2020 से 19 जनवरी 2025 तक)
- 12. नितिन नबीन (20 जनवरी से वर्तमान तक...)












Click it and Unblock the Notifications