नितिन गडकरी ने लोकसभा में बताया- प्रतिदिन रिकॉर्ड 30 किमी सड़क का हो रहा निर्माण
नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने गुरुवार को बताया कि देश में रिकॉर्ड 30 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। कृषि कानूनों के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बीच नितिन गडकरी ने यह जानकारी प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में दिया है। उन्होंने कहा कि भारतमाला योजना (Bharatmala Yojana) एक महत्वपूर्ण परियोजना है जो देश को नई दिशा और दशा प्रदान करेगा। जिस रफ्तार से वर्तमान में सड़क निर्माण हो रहा है, इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ।

प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, आज मुझे जानकारी मिली है, जिसके मुताबिक देश में हमारा प्रतिदिन सड़क निर्माण 29.6 किलोमीटर या लगभग 30 किलोमीटर हो रहा है। आंकड़ों के अनुसार इस साल आठ जनवरी से 15 जनवरी के बीच देश में 534 किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ है। इस अवधि में औसतन 28.5 किलोमीटर प्रतिदिन सड़क का निर्माण हुआ। अभी तक 9,127 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे निर्माण की तारीफ में किया ट्वीट; बोले...
नितिन गडकरी ने आगे कहा, देश के इतिहास में यह पहली बार है जब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा सड़क निर्माण करने का यह सर्वोच्च रिकॉर्ड हासिल किया गया। पांच वर्षों में कुल सड़क निर्माण अमेरिका और यूरोपीय देशों द्वारा किए गए निर्माण के बराबर रहा है। सरकार ने भारतमाला योजना के तहत लगभग 5.35 लाख करोड़ की लागत से 34,800 किलोमीटर राजमार्ग बनाने का लक्ष्य रखा है, इस योजना के तहत अब तक 13,521 किलोमीटर सड़कों का काम आवंटित किया गया है, इसमें 4,070 किलोमीटर सड़क का काम पूरा हो गया है। जबकि 16,500 किलोमीटर सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्रक्रिया में है। वहीं, 4,800 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकाला गया है।












Click it and Unblock the Notifications