'हॉलीवुड मूवी से कम रहा चंद्रयान-3 का खर्च', वित्तमंत्री ने संसद में की इसरो की तारीफ, बजट पर क्या-क्या कहा?
संसद का विशेष सत्र जारी है, जहां बुधवार को राज्यसभा में इसरो की उपलब्धि पर चर्चा हुई। इस दौरान वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन को चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बारे में बताया। साथ ही दावा किया कि उसका बजट स्पेस पर बनी मूवी से कम रहा।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन सफल रहा। इसका बजट 75 मिलियन अमेरिकी डॉलर (623 करोड़) था। हालांकि ये फाइनल डेटा नहीं है, क्योंकि मिशन अभी जारी है। इसका फाइनल डेटा बाद में सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि कई स्पेस पर बनी मूवी का बजट इससे ज्यादा रहा है। मैं सदन को कुछ मूवी के नाम बताना चाहूंगी। हॉलीवुड की Interstellar मूवी का बजट 165 मिलियन डॉलर, पैसेंजर मूवी का 110 मिलियन डॉलर, मर्सियन का 108 मिलियन और ग्रेविटी मूवी का 100 मिलियन डॉलर रहा। वहीं चंद्रयान-3 75 मिलियन डॉलर में चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड हो गया।
उन्होंने आगे कहा कि चंद्रयान-3 को चांद तक पहुंचने में 40 दिन का वक्त लगा, हालांकि बजट काफी कम था। ये मिशन सफल रहा है। हम स्पेस प्रोग्राम में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। हमारे देश में ही टेक्नोलॉजी विकसित हो रही, जिस वजह से हम कम पैसे में स्पेस प्रोग्राम चला रहे। आज स्पेस सेक्टर में आत्मनिर्भर भारत का असर देखने को मिल रहा है।
जितेंद्र सिंह ने भी की इसरो की तारीफ
वहीं केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी संसद में इसरो की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमारे चंद्रयान मिशन की लागत 600 करोड़ के आसपास रही, जबकि एक अन्य देश का मिशन 16 हजार करोड़ में था और वो असफल रहा। मैं भारत के वैज्ञानिकों की सराहना करता हूं।
उन्होंने आगे बताया कि आदित्य एल-1 मिशन जो सूर्य का अध्ययन करने निकला है, उसकी लागत 380 करोड़ रुपये आई। हमारे वैज्ञानिकों ने ये सिद्ध कर दिया है कि अगर हमारे सामने वे बाधाएं नहीं होतीं, जिनका सामना हमारे वैज्ञानिकों को करना पड़ा, तो वे और भी ऊपर जा सकते थे। उन्होंने सदन को ये भी बताया कि भारत स्पेस सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications